Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण के फैलने की रफ्तार में और बढ़ोतरी हुई है। राज्य में सोमवार रात को औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में कोरोना के 48 मामले पाजिटिव के आने के बाद मंगलवार को 18 और मामले आए। राज्य में अब कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 1309 हो गया है। इनमें से 347 एक्टिव केस हैं। इस रोग से 938 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। 
मंगलवार को राज्य में कोरोना संक्रमण के 18 मरीज आए हैं। इनमें चंबा में सात, ऊना और सोलन जिलों में 3-3, शिमला और कांगड़ा में दो-दो और किन्नौर में एक नया मरीज आया है। चंबा जिले में सेना और आईटीबीपी के जवान समेत उनके परिवार के लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। ये सभी केरल से लौटे थे, जबकि एक सेना का जवान रुड़की से लौटा था। संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर चंबा भेजा जा रहा है। 
सोलन जिले के नालागढ़ में एक गर्भवती महिला समेत दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इन दोनों के सैंपल स्वास्थ्य विभाग ने रैंडम आधार पर लिए थे। जिसमें दोनों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। वहीं, कांगड़ा जिले में भी शाम को कोरोना संक्रमण के दो नए मामले आए हैं। छतरी का 23 वर्षीय युवक और 70 वर्षीय बुजुर्ग पॉजिटिव पाया गया है। दोनों पहले से कोरोना संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने से पॉजिटिव हुए हैं। वहीं, शिमला जिले में कोरोना के दो नए मामले सामने आए हैं। ये दोनों लोग जम्मू-कश्मीर के हैं। इनमें एक सेब खरीदने आया लदानी और एक मजदूर है। लदानी संस्थागत क्वारंटीन था, जबकि मजदूर होम क्वारंटीन था। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *