शिमला। शिमला से पर्यटन स्थल धर्मशाला और कुल्लू के लिए 9 दिसंबर से हवाई सेवाएं शुरू हो रही हैं। एलायंस एयर 9 दिसंबर से धर्मशाला व कुल्लू के लिए हवाई उड़ानें प्रारंभ करेगा। कुल्लू के लिए सप्ताह में 4 व धर्मशाला के लिए 3 दिन हवाई उड़ानें होंगी। कुल्लू-धर्मशाला व शिमला के हवाई सेवाओं से आपस में जुड़ने से राज्य में पर्यटन को पंख लगेंगे। अधिक खर्च करने वाले सैलानी आसानी से हवाई सफर कर शिमला से धर्मशाला अथवा कुल्लू मनाली की वादियों में पहुंच सकेंगे। हवाई सेवाएं प्रारंभ होने से पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही शीतकालीन पर्यटक सीजन भी अच्छा निकल सकेगा।
एलायंस एयर ने कुल्लू और धर्मशाला के बीच हवाई सेवाओं का शेड्यूल तय कर दिया है। राज्य सरकार के प्रयासों के बाद केंद्र सरकार ने हिमाचल के 3 पर्यटन स्थलों शिमला, भुंतर और धर्मशाला को कनेक्ट करने के लिए हवाई सेवा शुरू करने की मंजूरी दी है।
शिमला के लिए सितंबर में हवाई उड़ानें दिल्ली से शुरू हो गई थी, लेकिन कुल्लू और धर्मशाला को इसमें कनेक्ट नहीं किया जा सका। विधानसभा चुनाव में लगी आचार संहिता के चलते मामला 2 महीने और लटक गया। कंपनी अब 9 दिसंबर से इन दोनों जगहों पर हवाई जहाज की लैंडिंग करवाने को तैयार है। चुनाव आयोग से इस बीच दो बार मंजूरी के लिए फाइल भेजी गई थी।
कुल्लू और धर्मशाला के लिए हवाई सेवा शुरू करने का समय और किराया कंपनी जल्द तय करेगी।
शिमला के लिए एलायंस एयर की हवाई उड़ान नियमित तौर पर हो रही है, लेकिन कुल्लू और धर्मशाला के लिए अभी उड़ान भरना बाकी है। दिसंबर में प्रदेश में पर्यटन सीजन शुरू हो रहा है। ऐसे में हिमाचल में एयर कनेक्टिविटी का बढ़ना पर्यटन कारोबार के लिए काफी फायदेमंद रहेगा। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का मजा लेने के लिए देश-विदेश से पर्यटक हिमाचल का रूख कर रखे हैं। इन दिनों विदेशों से भी टूरिस्ट यहां पर आना शुरू हो गए हैं।
