Spread the love
शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भेंट की। इस दौरान राठौर ने प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर विस्तार से चर्चा की और संगठन के विभिन्न मुद्दों पर व प्रदेश की राजनीति की पूरी जानकारी दी।
राठौर ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में संगठन मजबूत है और विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की शानदार जीत हासिल होंगी। राठौर ने खरगे को उनके इस पद को सुशोभित करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके लंबे राजनैतिक अनुभव से देश में सगंठन को और मजबूती मिलेगी।
राठौर ने कहा कि वह उनके प्रदेश दौरे के दौरान चुनाव प्रचार में व्यस्त होने के कारण नहीं मिल पाए थे, इसलिए आज वह विशेष तौर पर नई दिल्ली आकर उनका प्रदेश में चुनाव जनसभाओं के संबोधन के लिये आभार व्यक्त करने आए हैं।
राठौर ने इस दौरान संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों की जानकारी देते हुए कई अन्य राजनीतिक मसलों पर भी विस्तार पूर्वक चर्चा की।

राठौर ने नई दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की जयंती पर राष्ट्रीय नेताओं के साथ शक्ति स्थल पर अपने श्रद्धा सुमन भी अर्पित किए।
राठौर ने नई दिल्ली में डॉ. राजेंद्र प्रसाद रोड़ पर स्थित जवाहर भवन में इंदिरा गांधी पुरस्कार समारोह में भी भाग लिया। इस समारोह में मुख्य अतिथि देश के पूर्व उप राष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सोनिया गांधी ने की।

उधर, राठौर ने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से भी मुलाकात की और देश प्रदेश के राजनीतिक हालात पर चर्चा की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *