शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा है कि कांग्रेस के मैनिफेस्टो में ना विजन और ना ही वजन, यह केवल प्रलोभन का पुलिंदा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मैनिफेस्टो का ना सिर है ना सिरा। यह मैनिफेस्टो आधारहीन एवं कोरी घोषणा है। काँग्रेस विजन लेस, थिंक लेस और डायरेक्शन लेस पार्टी है और कॉंग्रेस का मैनिफेस्टो इस पर मुहर लगाता है।
उन्होंने कहा कि महिला सम्मान और महिला सशक्तिकरण का आलाप गाने वाले इनके होनहार नेता अपने मैनिफेस्टो में महिलाओं को स्थान देना भूल गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 2012 के अपने मैनिफेस्टो में बेरोजगारी भत्ते के नाम पर युवाओं को ठगा था और इस बार महिलाओं की बारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के प्रदेश की महिलाओं को 1500 रुपय देना, क्या काँग्रेस इसको महिला सशक्तिकरण का आधार समझती है?
कश्यप ने कहा कि कर्मचारियों की भावनाओं को भड़काकर, उनके कंधों पर बंदूक रख चुनावी गोली चलाने का काम कॉंग्रेस कर रही है। काँग्रेस भूल गई कि यह हिमाचल के कर्मठ, संघर्षशील एवं प्रगतिशील कर्मचारी है, जो राज्य निर्माण में भाजपा के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि कॉंग्रेस ये बताए कि जो वादे उन्होंने राजस्थान और छत्तीसगढ़ की जनता से किए थे क्या वो पूरे किये? उन्होंने कहा कि राजस्थान में बड़ी-बड़ी बातें की, किया कुछ नहीं। छत्तीसगढ़ में वादों का पहाड़ खड़ा किया, हुआ कुछ नहीं। हिमाचल में झूठ का किला बना रहे 12 नवंबर को यह भरभरा कर गिरने वाला है।
कश्यप ने कहा कि एक बार फिर काँग्रेस प्रदेश की जनता को 10 गैरेंटियाँ दे रही है। पहले तो काँग्रेस के नेता यह बता दें की इन गारेंटियों को पूरा करने के लिए काँग्रेस के नेता कहाँ से 60 हजार करोड़ रुपय लेकर आएंगे? उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की महिलाओं से झूठे वादे किये हैं। महिलाओं को प्रति माह 1,500 मानदेय। इस योजना के तहत सालाना 3306 करोड़ रुपये एवं 5 साल में 16,530 करोड़ रुपए की राशि का खर्चा आएगा। काँग्रेस के नेता यह बताएं कि आखिर इस योजना के लिए बजट कहाँ से आएगा? उन्होंने कहा कि एक तरफ काँग्रेस के नेता रेवड़ियों की तरह गारंटीयां बाँट रहे हैं, दूसरी तरफ इन्हीं के सीनियर नेता आनंद शर्मा मीडिया में बयान देते हैं कि उनको पता ही नहीं कि काँग्रेस द्वारा दी गई गारंटीयों को लेकर पैसा कहाँ से आएगा?
सुरेश कश्यप ने कहा कि यह सिर्फ वादों का मायाजाल है जिसमें कॉंग्रेस प्रदेश की भोली भाली जनता को फाँसना चाहती है। उन्होंने कहा कि ऐसे कोरे और हास्यप्रद वादे जनता से किये गए हैं, जिनका कोई वास्तविक स्वरूप नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की घोषणाओं में क्या देंगे? कितना देंगे? कैसे देंगे? यह स्पष्टता नजर नहीं आती और पलटने में इनका स्टाइक रेट बहुत ज्यादा है तो प्रदेश की जनता को इनसे बचकर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का पिछले चुनाव का बकाया अभी बाकी है। जनता इस चुनाव में उसका हिसाब करेगी।
