शिमला। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव यशवंत छाजटा ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी राजनीतिक रैलियों में सरकारी तंत्र का जम कर दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले से ही एक हजार करोड़ रुपए के घाटे में चल रही एचआरटीसी की बसों को इस रैली में अपने कार्यकर्ताओं को आने ले जाने के लिए भेजा जा रहा है। इससे ना केवल ग्रामीण रूटों पर चलने वाली बसों की भारी किल्लत होगी, बल्कि आम जन को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। यशवंत छाजटा ने कहा कि सरकार राज्यभर से लगभग 1200 बसें इस रैली के लिए भेज रही है, जो लोगों से सरासर अन्याय है। उन्होंने कहा कि मंडी रैली में भी इसी तरह सरकार ने करोड़ों की बर्बादी की और यह सिलसिला बिलासपुर रैली में भी देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनहित में तो कोई कार्य नहीं किया, लेकिन फिजूलखर्ची में अपना स्थान पहले नंबर पर जरूर पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर रैली में शिमला लोकल डिपो की अधिकांश बसें बिलासपुर और हमीरपुर भेजी गई हैं। इस कारण कई ग्रामीण रूट प्रभावित हुए हैं और इसका असर लोगों को होगा।
छाजटा ने कहा कि इस सरकार ने हर काम जनविरोधी किया है और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सहारा लेकर दोबारा सत्ता में आने के ख्वाब देख रहे हैं जो हिमाचल की जनता कभी पूरा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि आज महंगाई, भ्रष्टाचार और सरकार के कुप्रबंधन से हर वर्ग निराश है, लेकिन यह सरकार रैलियां निकालने में व्यस्त है।
