Spread the love
पालमपुर। विधानसभा अध्यक्ष, विपिन सिंह परमार ने कोना में औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र और अरला में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ किया। विधानसभा अध्यक्ष ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी सुलाह में अभूतपूर्व कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत कोना के घरथूं से थुरल कॉलेज को सीधा जोड़ने के लिये न्यूगल नदी पर पुल निर्मित किया जाएगा ताकि कॉलेज के छात्रों और लोगों को सुविधा प्राप्त हो सके।

परमार ने कोना के लोगों को आईटीआई की बधाई देते हुए कहा कि संस्थान में चार विषय इलेक्ट्रिशियन, ब्यूटी पार्लर, सोलर टेक्नीशियन और प्लम्बर का ट्रेड आरम्भ किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान कार्यकाल में सुलाह हलके में रझूं तथा कोना में औधोगिक प्रशिक्षण संस्थान खोले गये हैं और गढ़ आईटीआई को मॉर्डन संस्थान बनाया गया है। इसके अतिरिक्त परौर बल्लाह में पॉलीटेक्निक तथा अक्षैणा में फार्मेसी कॉलेज आरंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि थुरल कॉलेज में पीजीडीसीए, बीसीए के अतिरिक्त विज्ञान संकाय आरम्भ किया गया है। उन्होंने कहा कि इग्नो का केंद्र भी आरम्भ किया जा रहा है।

परमार ने कहा कि सुलाह में स्वास्थ्य सुविधाओं में भी अभूतपूर्व कार्य किया गया है। अस्पतालों को स्तरोन्नत करने के साथ नए अस्पताल स्थापित किये गये हैं। उन्होंने कहा कि भवारना, थुरल और धीरा में अस्पतालों के अतिरिक्त भवनों निर्माण पर लगभग 50 करोड़ रुपये व्यय किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मरण्ड़ा, खरौठ, पुड़वा और अरला में नयें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आरम्भ किये गए हैं। उन्होंने कहा कि भट्टू के लिये भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत किया गया है।
इससे पहले उन्होंने ग्राम पंचायत कोना में औधोगिक प्रशिक्षण संस्थान और अरला में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ, 5 लाख से बने सामुदायिक सेवा केंद्र कोना का लोकार्पण और गांव घरथूं में 10 लाख से निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन कार्य का भूमि पूजन किया। उन्होंने 75 लाख की लागत से जल जीवन मिशन में अरला में नलकूप एवं जल भंडारण टैंक का लोकार्पण किया। उन्होंने अरला में 50 लाख से निर्मित अमर सिंह के घर से सून खड्ड तक सड़क का लोकर्पण भी किया।
उन्होंने कहा कि क्लाकड सामुदायिक भवन के लिये 5 लाख और डूहक स्कूल तक सड़क को पक्का करने के लिये 75 लाख स्वीकृत कर दिये गये हैं।
विधान सभा अध्यक्ष ने आईटीआई के लिये जमीन देने वाले मनहोर, रमेश चन्द, बलवान, अजय राणा और कल्याण चन्द को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में धर्मवीर डागर, मण्डल अध्यक्ष देश राज शर्मा, जिला परिषद सदस्य रजनी देवी, बीडीसी अध्यक्ष अनिता चैधरी, प्रधान ग्राम पंचायत कोना सीमा देवी, उपप्रधान संजय जम्वाल, प्रधान अरला सुनीता देवी, उपप्रधान विजय कुमार, ओम प्रकाश, मनीज शर्मा मोनू, देश राज डोगरा, पप्पू ठाकुर, विक्रम जम्वाल, बीएमओ डॉ नवीन राणा, अधिशासी अभियंता सरवन डोगरा, एसडीओ डीएस परमार, आईटीआई प्रधानाचार्य विनोद धीमान, बीडीओ सिकंदर कुमार, नयाब तहसीलदार कुलतार चन्द सहित विभिन्न विभागों के लोग और इलाके के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed