Spread the love
शिमला। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित ठाकुर ने कांग्रेस की रोजगार यात्रा और आश्रय शर्मा के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष ने कांग्रेस की इस यात्रा को नौटंकी करार दिया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा वास्तव में सत्ता के लिए संघर्ष की यात्रा है और इसमें भी कांग्रेस नेताओं के बीच खुद को एक-दूसरे से बड़ा दिखाने की होड़ मची हुई है।
अमित ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के बीच चल रही अंतर्कलह का ताजा उदाहरण मंडी में देखने को मिला है। यहां हिमाचल कांग्रेस के महासचिव आश्रय शर्मा ने पार्टी की युवा बेरोजगार यात्रा को लेकर गठित कमेटी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। आश्रय शर्मा ने विक्रमादित्य सिंह पर पार्टी कार्यक्रमों को हाईजैक करके मनमर्जी से चलाने और मंडी जिले की राजनीति में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया है। ठाकुर ने कहा कि परिवारवाद पर चलने वाली पार्टी के इन दो राजकुमारों की आपसी लड़ाई तो कांग्रेस में आने वाले समय में होने वाले गृहयुद्ध का ट्रेलर भर है।
अमित ठाकुर ने कहा कि अभी विधानसभा चुनाव की रणभेरी बजी भी नहीं है और कांग्रेस की गुटबाजी सतह पर आ गई है। उन्होंने कहा कि गुटबाजी का आलम यह है कि शीर्ष नेतृत्व से लेकर युवा चेहरों तक एक-दूसरे को फूटी आंख भी नहीं सुहा रहे। हिमाचल कांग्रेस में बड़े से लेकर छोटे नेता तक आपस में ही उलझे हुए हैं। कहीं वरिष्ठ नेता, युवा नेता की बात काट रहा है तो कहीं युवा नेता, वरिष्ठ नेताओं को आइना दिखा रहा है। उन्होंने तंज कसा कि राजनीतिक शिष्टाचार तो छोड़िए कांग्रेस के नेताओं में सामान्य शिष्टाचार भी नहीं बचा है।
ठाकुर ने कहा कि सुखराम परिवार और वीरभद्र सिंह परिवार में छत्तीस का आंकड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों ही वरिष्ठ नेता अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन दोनों के ही परिवार एक-दूसरे को पसंद नहीं करते। सुखराम परिवार और वीरभद्र सिंह परिवार के बीच की खानदानी लड़ाई अब विरासत के रूप में उनकी अगली पीढ़ी संभाल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, तीन पीढ़ियों की दुश्मनी अभी तक खत्म नहीं कर पाई है। इस बात से अंदाजा लगा सकते हैं कि इनका शीर्ष नेतृत्व कितना कमजोर है। कांग्रेस के इन्ही हालतों को देखते हुए हिमाचल की जनता ने इस बार रिवाज बदलकर फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का मन बना लिया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed