मंडी। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं विधायक विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को मंडी जिले के करसोग व जंजैहली में युवा रोजगार संघर्ष यात्रा का नेतृत्व करते हुए लोगों से इस अभियान को अपना भरपूर समर्थन देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जयराम सरकार ने युवाओं के भविष्य से जो खिलवाड़ किया है, उसके लिए उन्हें यह प्रदेश कभी माफ नहीं करेगा।
विक्रमादित्य सिंह ने करसोग और जंजैहली में कहा कि पुलिस भर्ती पेपर लीक एक ऐसा मामला है जो भाजपा के भ्रष्टाचार की पूरी पोल खोलता है। उन्होंने कहा कि इस मामले की सीबीआई जांच आज दिन तक शुरू नहीं हुई, क्योंकि भाजपा के कई नेता इस प्रकरण में शामिल हैं और मुख्यमंत्री उन्हें बचाने की फिराक में हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही भाजपा के भ्रष्टाचार को उजागर करते हुए इसके दोषियों को कड़ी सजा देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने का जो वादा किया है, उसे कांग्रेस हर हाल में पूरा करेगी।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस 680 करोड़ की एक स्टार्टअप योजना को लाएगी। इसके तहत प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को स्वयं रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा। इस दौरान उनके साथ चेतराम ठाकुर, महेंद्र सतान, हरेंदर सेन, शशि शर्मा, तरुण पाठक, युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर, कांग्रेस सचिव वेद प्रकाश शर्मा, रूपेश कंवल, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष टेक चंद, पृथ्वी सिंह नेगी, युवा कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी व क्षेत्र के अनेक पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।
