Spread the love
शिमला। उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने सोमवार को यहां आबकारी एवं कराधान विभाग, पुलिस की संयुक्त बैठक ली। बैठक में उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र शराब एवं मादक द्रव्यों की तस्करी को लेकर जिला के विभिन्न स्थानों पर नाके स्थापित करना आवश्यक है और पुलिस तथा आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों को बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया, ताकि राज्य सरकार के राजस्व को नुकसान न हो और प्रदेश की युवा पीढ़ी को नशे के दल-दल एवं गलत राह से बचाया जा सके।
उपायुक्त ने पुलिस तथा आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों से गहनता से विचार-विमर्श किया और उनसे शराब एवं मादक द्रव्यों की तस्करी की रोकथाम संबंधित सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने जिला के सीमावर्ती क्षेत्रों विशेषकर रोहडू एवं चौपाल उपमण्डल में विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध करवाने के आदेश दिए और आबकारी एवं कराधान विभाग को नाके स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि बाहरी राज्यों से आ रही शराब पर अंकुश लगाया जा सके। इस अवसर पर जिला के समस्त डीएसपी तथा आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed