हमीरपुर। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 51.08 करोड़ रुपए की 9 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए।
मुख्यमंत्री ने सुजानपुर में 12.63 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित मिनी सचिवालय भवन, सुजानपुर के निकट पुंग खड्ड पर 11.39 करोड़ रुपए की लागत से बने पुल, उहल में 1.68 करोड़ रुपए के विश्राम गृह, पशु चिकित्सा अस्पताल सुजानपुर 58 लाख रुपये, पुरली-ज्याणा-कुजाबल्ह मार्ग पर बाकर खड्ड पुल 4.25 करोड़ रुपये और ख्याह-भटेरा-ठकलाना मार्ग पर पुंग खड्ड पर 2.23 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुल का लोकार्पण किया। जयराम ठाकुर ने उटपुर में 10.20 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र भवन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन चबूतरा 3.45 करोड़ रुपये और दाड़ला में 4.67 करोड़ रुपये से बनने वाले हेलीपैड की आधारशिला भी रखी।
