शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर आरोप लगाया है कि वह कर्मचारियों के साथ वोट की राजनीति कर उनके साथ अन्याय कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री ने आजादी के पर्व 15 अगस्त को कर्मचारियों को उनके देय भत्ते का एरियर देने की जो घोषणा की थी, लेकिन वह उसे अभी तक नहीं दे पाए हैं। इससे साफ है कि मुख्यमंत्री कर्मचारियों के साथ राजनीति कर उन्हें गुमराह कर रहे हैं जो बहुत ही दुखदाई है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को उनका हक तुरंत जारी किया जाना चाहिए।
प्रतिभा सिंह ने मंगलवार को यहां एक बयान में प्रदेश सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अपने निर्णय लागू करने में असहाय और बेबस नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में राज्य लोक सेवा आयोग में अध्यक्ष व तीन सदस्यों की नियुक्ति और अंतिम समय पर पूरी तैयारियों के बाद इसके शपथ समारोह को टालना जयराम सरकार की कमजोर कार्य प्रणाली को दर्शता है। उन्होंने सरकार से इन नियुक्तियों व इस शपथ समारोह को टाले जाने के कारणों की पूरी जानकारी प्रदेश की जनता को देने को कहा है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस मजबूती से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी हार को सामने देख कर बौखलाहट में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारी बारिश से जानमाल का भारी नुकसान हो रहा है और लोग दर्दनाक हादसों में अपनी जान गवां रहे हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा के नेता, मुख्यमंत्री सहित अपनी चुनावी सभाओं में मस्त हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस बार भारी बारिश ने जो कहर ढाया है वह बहुत ही दुखदाई है।
प्रतिभा सिंह ने सेब बागवनों की दशा पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रदेश में पांच हजार करोड़ की सेब आर्थिकी बहुत ही दयनीय स्थिति से गुजर रही है। सेब बागवनों के प्रति सरकार की उपेक्षा ने इनकी कमर तोड़ कर रख दी है। उन्होंने कहा कि सड़कों विशेषकर सम्पर्क सड़कें बंद होने से बागवनों को अपनी फसल की चिंता सता रही है। फसलों को मंडी तक पहुंचाने में उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार व प्रशासन की ओर से उन्हें कोई भी मदद नहीं मिल रही है जो बहुत ही चिंता की बात है। प्रतिभा सिंह ने सरकार से मांग की कि वह बागवानों के हितों की रक्षा करें, जिससे प्रदेश में बागवानों की आर्थिकी पर कोई विपरीत असर न पड़े।
