शिमला। हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण से 8वीं मौत हाे गई है। कोरोना पीड़ित एक 82 वर्षीय महिला ने आज नेरचौक मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। काेराेना संक्रमित यह महिला हमीरपुर जिले की सुजानपुर तहसील के जंगलबैरी की रहने वाली थी। उसे उपचार के लिए भोटा स्थित कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया गया था, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर 23 जून को इसे नेरचौक मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया था। वहां इस महिला की मौत हो गई। नेरचौक मेडिकल कॉलेज द्वारा जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में इस महिला की कोरोना से मौत होने की पुष्टि की गई है। बुलेटिन में यह भी कहा गया कि यह महिला उच्च रक्तचाप, मधुमेह और अन्य रोगों से पीड़ित थी। यह महिला हाल ही में दिल्ली से हिमाचल लौटी थी।
उधर, प्रदेश में आज काेराे संक्रमण के 11 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से कांगड़ा और ऊना जिले में 4-4, हमीरपुर के दाे और सोलन जिले में एक नया मामला आया है। इससे प्रदेश में काेराेना संक्रमण का आंकड़ा बढ़कर 953 हो गया है। इनमें से 357 मरीज एक्टिव हैं, जिनका राज्य के विभिन्न कोविड केयर सेंटर में इलाज चल रहा है, जबकि 575 मरीज कोरोना से ठीक हो चुके हैं।
