बिलासपुर। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेन्द्र गर्ग ने मंगलवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र घुमारवीं के पनौल में खरला व कुरलाग गांव के लिए 11.25 लाख रुपए की लागत से तथा पनौल चौक के लिए 4.25 लाख रुपए की लागत से बोरवैल की स्थापना तथा उसके विद्युतीकरण का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर जनसभा को सम्बोधित करते हुए राजेंद्र गर्ग ने कहा कि बोरवैल आरम्भ होने से क्षेत्र के पानी की समस्या को दूर किया गया है तथा अमरपुर और पनौल के लिए 7 करोड़ की पेयजल योजना स्वीकृत की गई है, जिसका कार्य आरम्भ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कंगर के लिए पक्की सड़क व ट्रांस्फार्मर लगा दिया गया है। इसके अतिरिक्त अमरपुर स्कूल भवन के अधूरे कार्य को पूर्ण करने के लिए भी बजट उपलब्ध करवा दिया गया है और स्कूल में विज्ञान की कक्षाएं आरम्भ कर दी गई हैं।
गर्ग ने कहा कि घुमारवीं में लोगों को अस्पताल के पास सड़क पार करने के लिए कठिनाई का सामना करना पड़ता था, जिसके लिए ओवरहैड फुट ब्रिज बनाया गया है। उन्होंने कहा कि घुमारवीं क्षेत्र में पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए 53 करोड़ रुपए की महत्वाकांक्षी योजना बनवाई गई है। इसके लिए 53 करोड़ की लागत से कोल डैम (डैहर) पेयजल योजना का कार्य युद्व स्तर पर चल रहा है। सात मंजिला स्टैप तैयार कर लिया गया है। त्यून (मैहरन) में 7 लाख लीटर और लदरौर में में 4 लाख लीटर पानी का ओवरहैड टैंक तैयार कर लिया गया है। इस योजना में सीर खड्ड आदि से जुड़ी छोटी-छोटी योजनाओं को भी इसमें शामिल किया जा रहा है, जिससे पूरे विधानसभा क्षेत्र में पर्याप्त पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी।
राजेंद्र गर्ग ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में बिना बिल के मुक्त पेयजल और 60 से 125 यूनिट मुक्त बिजली सुविधा प्रदान कर लोगों को बहुत बड़ी राहत दी है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना चला कर प्रदेश को धुंआ मुक्त राज्य का दर्जा प्रदान किया है। जो गैस कुनेक्शन रहित हिमाचली परिवार उज्जवला योजना में शामिल नहीं हैं, उन्हें निःशुल्क गैस कनेक्शन व रिफिल प्रदान करने के लिए हिमाचल सरकार द्वारा मुख्यमंत्री गृहणी सुविधा योजना आरम्भ की गई है। इस योजना के तहत राज्य सरकार 2 अतिरिक्त मुफ्त सिलेण्डर रिफिल प्रदान कर रही है। अब तक 3.41 लाख परिवारों को निःशुल्क गैस कुनेक्शन उपलब्ध करवाए गए हैं।
इस अवसर पर मंण्डलाध्यक्ष सुरेश ठाकुर, जिला प्रवक्ता एडवोकेट प्रेम सागर भारद्वाज, डिप्टी कमांडेट अमी चंद, बूथ अध्यक्ष केहर सिंह, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति अरविंद वर्मा, अधिशाषी अभियंता विद्युत मनोज पुरी, एसडीओ लोक निर्माण मनोहर लाल, एसडीओ विद्युत विभाग राज कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
