शिमला। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर रविवार को कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जयराम ठाकुर सरकार में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और जल शक्ति विभाग में करोड़ों रुपए का कथित तौर पर घोटाला हुआ है। उन्होंने मांग की कि जल शक्ति विभाग में हुए घोटालों की सीबीआई से जांच करवाई जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से पूछा है कि वह पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले की जांच को सीबीआई से करवाने से क्यों डर रहे हैं और वे किसको बचाना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया है कि यदि इस मामले की जांच सीबीआई से करवाई जाती है तो पेपर लीक की कई परतें खुलेंगी और स्टाफ सेलेक्शन कमीशन हमीरपुर और एचपीएससी में हुई भर्ती में बारे में भी रहस्य उजागर हो सकते हैं। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की भाजपा सरकार के खिलाफ चार्जशीट तथ्यों के साथ आएगी। वे रविवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे।
कौल सिंह ने कहा कि पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला बहुत गंभीर मामला है और कांग्रेस के इस मामले को उठाने और धरना देने के बाद मुख्यमंत्री ने इसकी जांच सीबीआई को सौंपने की घोषणा की थी, लेकिन आज तक यह मामला आगे नहीं बढ़ा। उन्होंने कहा कि यदि इसकी निष्पक्ष जांच होगी तो कई तथ्य उजागर होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की अफसरशाही पर पकड़ कमजोर है और उन्हें अब तक के कार्यकाल में 7-7 मुख्य सचिव बदलने पड़े थे। उन्होंने यह भी पूछा कि क्यों सरकार ने अनिल खाची को मुख्य सचिव के पद से हटाया गया है और क्यों रामसुभग सिंह को बनाया। उन्होंने कहा कि पीएमओ से जांच के आदेश आने के बाद सरकार को राम सुभग सिंह को बदलना पड़ा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को 5-5 प्रधान सचिव तक बदलने पड़े हैं। ठाकुर ने आरोप लगाया कि एचपीयू के पूर्व कुलपति सिकंदर कुमार ने राज्यसभा सदस्य बनने के बाद भी एचपीयू में 100 पदों पर आरएसएस विचारधारा से जुड़े लोगों की भर्तियां की है। इसमें मेरिट को पूरी तरह दरकिनार किया गया है। उन्होंने सरकार इसकी भी सीबीआई जांच करवाने की मांग की।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री ने राज्य को कंगाली के द्वार पर ला खड़ा कर दिया है। उन्होंने कर्ज पर कर्ज लेकर यह स्थिति बनाई है और इस समय भी राज्य पर करीब 70 हजार करोड़ रुपए का कर्ज हो चुका है और जब यह सरकार सत्ता से बाहर होगी तो यह आंकड़ा 80 हजार पहुंच जाएगा। उन्होंने सरकार पर फिजूलखर्ची के भी आरोप लगाए और कहा कि राज्यभर में होर्डिंग्स लगाने पर करोड़ों खर्चे गए हैं। कौल सिंह ने मुख्यमंत्री से यह भी पूछा कि वह प्रधानमंत्री के हिमाचल दौरों के दौरान उन्होंने हिमाचल के लिए क्या मांगा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि मंडी में एयरपोर्ट बनाना उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है, लेकिन अभी तक इसके लिए जमीन ही अधिग्रहित नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि न ही इसके लिए बजट रखा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार कांगड़ा के एयरपोर्ट का विस्तार करती तो वहां पर बोइंग उतर सकते थे और भुंतर हवाई अड्डे का विस्तार करती तो वहां पर 100 सीटर विमान उतर सकते थे।
कौल सिंह ठाकुर ने स्वास्थ्य को लेकर भी मुख्यमंत्री पर हमला बोला और कहा कि राज्य में चार-चार मेडिकल कालेज कांग्रेस के कार्यकाल में खुले हैं। यही नहीं सराज में स्वास्थ्य केंद्र और अन्य संस्थान भी कांग्रेस ने खोले हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि आज वे डबल इंजन की सरकार का दावा करते हैं और इस सरकार से कुल्लू में एक मेडिकल कालेज खुलवाए।
भाजपा सरकार सेब बागवान विरोधी – कौल सिंह
कौल सिंह ठाकुर ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह सेब बागवान विरोधी है। उन्होंने कहा कि सेब सीजन के लिए कोई तैयारी सरकार ने नहीं की है और महंगे कार्टन के कारण बागवानों को पड़ रही मार से बचाने को भी कदम नहीं उठाए हैं। कार्टन की लगातार बढ़ रही कीमतों को कम करने को भी कोई कदम नहीं उठाए हैं। ऊपर से केंद्र ने इस पर जीएसटी को 12 से 18 फीसदी कर कर दिया और अब 6 फीसदी को सरकार द्वारा वहन करने का शिगूफा छोड़ा गया है। जबकि पिछली कैबिनेट में ऐसा कोई फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि कीटनाशक, फफूंदनाशक और खादों के दामों में भारी बढ़ोतरी पर भी सरकार खामोश है और कोई कदम दाम करने को नहीं उठाए हैं। ऊपर इस पर मिलने वाली सब्सिडी को भी सरकार ने समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि बागवानी मंत्री इन दिनों गायब है और वे अपने हलके और अपने बागीचे तक सीमित हैं। उन्होंने कहा कि यदि बागवानी सही में खुद बागवान होते तो वे प्रदेश के बागवानों का दर्द समझते और उनके बीच खड़े रहते, लेकिन वे कहीं नजर नहीं आ रहे।
भाजपा में मची है खलबली – कौल
कौल सिंह ने कहा कि भाजपा में खलबली मची है। उन्होंने कहा कि जब से कांग्रेस ने मंडी ससंदीय सीट सहित सारे उपचुनाव जीते हैं, भाजपा में यह स्थिति बनी है। यही कारण है कि आज मुख्यमंत्री को हर चौथे-पांचवे दिन अपने विधानसभा क्षेत्र को जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर से पहले भी मुख्यमंत्री रहे हैं, लेकिन उनके इतने दौरे कभी भी अपने विधानसभा हलके के नहीं होते थे। उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि भाजपा के भीतर कितनी खलबली मची हुई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की विदाई तय है और कांग्रेस भारी मतों के साथ सत्ता में आने वाली है।
