कांगड़ा। प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त ने विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के 115 बूथ अध्यक्षों के साथ द्रमण जनजाति समुदायक भवन में बैठक की। इसमें संजय दत्त ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को कांग्रेस प्रत्याशी को विजय बनाने के टिप्स दिए। संजय दत्त ने 115 बूथ अध्यक्षों के विचार सुने और पोलिंग बूथों पर तैयारियों का जायजा लिया।
प्रदेश कांग्रेस सह प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार हिमाचल प्रदेश 60 सीटों के साथ सत्ता में आ रही है। उन्होंने कहा कि सभी लोग मिलकर अपने विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की सीट को जिताने के लिए काम करें, जिससे अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास को आगे लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब बूथ स्तर पर हर घर कांग्रेस के नारे के साथ जनता के बीच जा कर कांग्रेस की नीतियों को लेकर जाएगी। साथ ही भाजपा की जनविरोधी नीतियों को उजागर करेगी।
संजय दत्त ने कहा कि जिन सीटों पर कांग्रेस हारी है, उन पर विजय हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि बूथ मजबूत होगा तो कांग्रेस मजबूत होगी। कांग्रेस पार्टी की नींव बूथ के कार्यकर्ता ही हैं। कांग्रेस पार्टी को मजबूत हमेशा बूथ पर कांग्रेस कार्यकर्ता ही करता है।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव केवल सिंह पठानिया ने बैठक में कहा कि शाहपुर क्षेत्र में हर बूथ पर कांग्रेस कार्यकर्ता काम कर रहा है। भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करके कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, बढ़ती बेरोजगारी, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार समेत अन्य जनविरोधी फैसलों को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जनता के बीच जा कर कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रचार में लगे हैं। कांग्रेस पार्टी की नीतियों को लेकर भी कार्यकर्ता जनता के बीच कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को जनता के बीच जाकर पार्टी का प्रचार कर रहे हैं। इस मौके पर सभी बूथ प्रभारी मौजूद थे।
