Spread the love

हमीरपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि चार उप चुनावों में कांग्रेस की शानदार जीत से प्रदेश में बदलाव की लहर शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुट और मजबूत है और आगामी विधानसभा चुनावों में अपनी जीत का परचम लहराएगी। वे मंगलवार को हमीरपुर में कांग्रेस की नव चिंतन संकल्प रैली को सम्बोधित कर रही थी।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि आज बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी से आमजन परेशान है, लेकिन भाजपा सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा न तो महंगाई पर कोई बात करती है और न ही बेरोजगारी पर। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के चलते हजारों बेरोजगार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला भाजपा का एक बड़ा घोटाला है, जिसमें करोड़ों रुपए का लेनदेन हुआ है। उन्होंने कहा कि जांच के नाम पर लीपा पोती कर भाजपा अपने लोगों को बचाने में लगी है। प्रतिभा सिंह ने सेना में अग्निपथ योजना को भी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करार दिया और कहा कि कांग्रेस युवाओं के साथ किसी भी प्रकार से अन्याय नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश 70 हजार करोड़ के कर्ज के बोझ तले दब गया है। प्रदेश की वित्तीय स्थिति बहुत ही गम्भीर हो चुकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपने साढ़े चार साल के इस कार्यकाल में कुछ नहीं किया। अब चुनाव नजदीक आते देख मुख्यमंत्री बड़ी-बड़ी घोषणाएं करने में जुटे हैं, जबकि उन्हें पूरा करने के लिए सरकार का खजाना पूरी तरह खाली है।

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने इस मौके पर कहा कि अब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सत्ता का मोह त्याग देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज ही नहीं है और सबका अपनी डफली अपना राग है। अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा प्रदेश में रिवायत बदलने की बात कह रही है, जबकि प्रदेश के लोगों ने भाजपा को घर बिठाने का पूरा मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही कर्मचारियों की पुरानी पेंशन लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले की भी जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।

कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेद्र राणा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की लोकप्रिय सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि चार उप चुनावों में जिस प्रकार कांग्रेस ने भाजपा को 4-0 से करारी शिकस्त दी है, उसी प्रकार अब विधानसभा चुनावों में भी भाजपा को धूल चटाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ और फरेब की राजनीति करती आई है और अब यह बात पूरी तरह साबित भी हो चुकी है। 

कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा मुद्दों पर कोई बात नहीं करती। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में भाजपा सरकार की कारगुजारियों से कोई भी खुश नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वह कांग्रेस को भारी मतों से जिताकर विधानसभा में भेजें, जिससे प्रदेश को भाजपा के कुशासन से मुक्ति मिल सके।  हमीरपुर में आयोजित इस नव चिंतन संकल्प शिविर में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली, विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, जिलाध्यक्ष राजेद्र ज़ार, पूर्व विधायक अनिता वर्मा, कुलदीप पठानिया, प्रेम कौशल, सुरेश कुमार, होशियार सिंह के अतिरिक्त पार्टी के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *