शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय 18 जुलाई से शुरू हो रहे एक सप्ताह के स्थापना दिवस समारोह के दौरान मैगा एलुमनी मीट का आयोजन करेगा। कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने शनिवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान विश्वविद्यालय के सभागार में 21 जुलाई को शाम 5 बजे स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर गोवा के प्रथमेश क्रिएशन ग्रुप द्वारा हिंदी गीत रामायण से पूर्व सभी शिक्षण विभागों में सेमिनार, संगोष्ठी और परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा।
प्रो. बंसल ने कहा कि स्थापना दिवस कार्यक्रमों में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलाधिपति राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री, जयराम ठाकुर, शिक्षा मंत्री, गोविंद सिंह ठाकुर और शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज शामिल होंगे। इस दौरान एलुमनी भवन का शिलान्यास राज्यसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, जेपी नड्डा द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विजन 2030 दस्तावेज़ (हीरक दृष्टिपत्र), समरहिल पैनोरमा ई-मेगज़ीन, निर्देशिका, इवेंट पेज, गैलरी, डिजिटल कार्ड, नेटवर्क पोर्टल के साथ लांच किया जाने वाला पूर्व छात्र पोर्टल और 100 से अधिक विशिष्ट पूर्व छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रो. बंसल ने कहा कि निजी क्षेत्र में कार्य कर रहे पूर्व छात्र अपने संस्थान के भर्ती संबंधित जानकारी इस पर अपलोड कर पाएंगे, जिससे विवि के छात्रों को रोजगार पाने का मौका मिलेगा। समारोह में दस विश्वविद्यालयों के कुलपति भी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति -2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए अंतर्राष्ट्रीयकरण सुविधाओं की दिशा में काम करने का प्रस्ताव रखा है और 100 छात्रों को समायोजित करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय छात्रावास के साथ शुरुआत की जाएगी। पत्रकार वार्ता के दौरान विवि के प्रति कुलपति प्रो. ज्योति प्रकाश, अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. कुलभूषण चंदेल, पूर्व छात्र संघ के अध्यक्ष प्रो. पीके आहलूवालिया और जन संपर्क अधिकारी डॉ. रणवीर वर्मा मौजूद रहे।
जल्द घोषित होंगे विवि के परीक्षा परिणाम
प्रो. एसपी बंसल ने कहा कि यूजी अंतिम वर्ष और पीजी के लटके परीक्षा परिणाम जल्द घोषित करने का प्रयास किया जा रहा है। छात्रों का कोई नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति-2020 को लागू करने के लिए कॉलेज प्राचार्यों और शिक्षकों की मांग पर छह माह तक नीति को समझने और इसे लागू करने के लिए छह माह का समय दिया जा रहा है। चपरासी के 94 पदों पर मेरिट के आधार पर जल्द भर्ती कर दी जाएगी। तृतीय श्रेणी के पदों के लिए भी जल्द लिखित परीक्षा होगी।