शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह देश में नफरत फैलाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि आज देश में ध्रुवीकरण की राजनीति की जा रही है और भाजपा, कांग्रेस पार्टी के नेताओं की छवि खराब करने की मंशा से चरित्रहनन की राजनीति कर रही है। वे मंगलवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।
राठौर ने कहा कि उदयपुर घटना पर राहुल गांधी के बयान को कट पेस्ट कर भाजपा नेताओं ने एक षड्यंत्र के तहत झूठी खबर चलवाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा राष्ट्रविरोधी ताकतों के विरुद्ध लड़ती आई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने आंतकवाद दे दंश को झेला है और गांधी परिवार ने और कांग्रेस पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, पंजाब के मुख्यमंत्री बेअंत सिंह सहित कई नेताओं को खोया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा आतंकवाद का विरोध किया है।कुलदीप राठौर ने कहा कि वायनाड में शरारती तत्वों ने राहुल गांधी के कार्यालय में तोड़फोड़ करने की घटना की। इस राहुल गांधी ने कहा था कि इन्हें छात्र समझ कर छोड़ देना चाहिए, लेकिन भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी के बयान को कट पेस्ट कर उदयपुर घटना से जोड़ दिया और उनकी छवि खराब करने के लिए एक चैनल पर झूठी खबर चलवा दी, जो लोकतंत्र के लिए शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन जयराम रमेश की ओर से इस संदर्भ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को इस झूठी खबर चलवाने में संलिप्त भाजपा नेताओं के विरुद्ध कार्रवाई करने को लेकर एक पत्र लिखा था, परंतु आज तक जेपी नड्डा ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे साबित होता है कि भाजपा के इशारों पर ही यह फर्जी खबर चलाई गई थी।
कुलदीप सिंह राठौर ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनावों को आते देख भाजपा जानबूझकर देश में साम्प्रदायिक हिंसा का माहौल तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि देश में अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ओर से कई राज्यों में पुलिस में बीजेपी नेताओं के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए शिकायत दर्ज करवाई गई है और हिमाचल प्रदेश में भी इस संदर्भ में पुलिस को शिकायत पत्र दिया गया है।
सेब की पैकिंग सामग्री को सस्ती दरों पर बागवानों को उपलब्ध कराने की मांग
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने राज्य सरकार से सेब की पैकिंग सामग्री को सस्ती दरों पर बागवानों को उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में कीटनाशकों दवाइयों तथा खादों के मूल्यों में भारी भरकम इजाफा हुआ है, और कृषि एवं बागवानी के उपकरण खरीद पर मिलने वाली उपदान राशि भी खत्म कर दी गई है। उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार गत्ते की पेटियों व अन्य मेटेरियल की कीमतों में वृद्धि कर बागवानों का शोषण कर रही है इस बार पेटियों के दाम 30- 40 रुपए बढ़ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गतवर्ष ओलावृष्टि से हुए नुकसान पर आज तक राज्य सरकार ने कोई मुआवजा नहीं दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सदैव बागवानों के साथ धोखा किया है।
