कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की सैंज घाटी में शैंशर मार्ग पर जंगला के पास एक निजी बस के गहरी खाई में गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। एडीएम कुल्लू प्रशांत सरकैक ने जानकारी देते हुए कहा कि कुल्लू अस्पताल में हादसे में घायल एक अन्य व्यक्ति की मृत्यु हुई है। इस तरह कुल मृतक संख्या 13 हो गई है।
उधर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। बस दुर्घटना के पश्चात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने घटनास्थल का दौरा किया और प्रशासन से बस हादसे की जानकारी ली। उन्होंने प्रशासन को मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर उचित दिशा निर्देश जारी करते हुए कहा कि हादसे की न्यायिक जांच की जाएगी। एडीएम कुल्लू को इसका जिम्मा सौंपा गया है। जांच के बाद सरकार मामले पर आगामी कार्रवाई करेगी।
मुख्यमंत्री ने बस हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों से मुलाकात कर संवेदना जताते हुए कहा कि मृतकों के आश्रितों को सरकार की तरफ से 5-5 लाख रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने पीड़ित परिवारों को आश्वासन दिया कि घायलों के परिवारों के इलाज के लिए सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे के समय वह हैदराबाद में थे। इस दौरान उन्होंने दूरभाष के माध्यम से ही प्रशासन को उचित बचाव कार्य के लिए दिशा-निर्देश जारी किए। इसके पश्चात वह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ स्थानीय विधायक सुरेंद्र शौरी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर शोक व्यक्त कर संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
वहीं, प्रशासन की ओर से हादसे में मारे गए परिवारों को फौरी राहत के तौर पर 1-1 लाख रुपए की राशि प्रदान की है। घायल को 15-15 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की गई है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर रवाना हुई। इसके पश्चात राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची।
