शिमला। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने करोना काल में हिमाचल प्रदेश सरकार के बिजली दरों में बढ़ोतरी के निर्णय को जनविरोधी करार दिया है। उन्होंने सरकार से इस निर्णय को तुरंत वापिस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बिजली उपदान घटाने -हटाने का निर्णय बेहद खेदजनक है और इससे जाहिर है कि राज्य की जयराम सरकार विवेक खो चुकी है। उनका कहना है कि इस निर्णय से लाखों लोगों को नुक़सान होगा।
अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य सरकार जिस निर्णय को युक्तिकरण बता रही है, यह गैरज़रूरी कदम है। सरकार को पता होना चाहिये कि यह बिजली राज्य है। बिजली यहां पैदा होती है, इसलिए इसकी तुलना दूसरे राज्यों से नहीं हो सकती। उन्होंने कहा सरकार मध्यम वर्गीय लोगों को लगातार करंट दे रही है। इससे पहले सरकार ने राशन योजना से खिलवाड़ किया और उपदान घटाया गया। इससे लाखों लोगों को नुक़सान हुआ। उन्होंने कहा कि राशन ब बिजली महंगी करके पैसा कमाने के इरादे ग़लत हैं।
