रिकांगपिओ। स्वतंत्र भारत के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी ने शुक्रवार को अपने परिवार के सदस्यों व जिला प्रशासन किन्नौर के साथ अपना 105वां जन्मदिन मनाया। उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने देश के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी का 105वां जन्मदिन मनाने के लिए विशेष प्रबंध किए थे तथा श्याम सरण नेगी ने केक काटकर जन्मदिन मनाया।
उपायुक्त किन्नौर ने प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी को बधाई दी तथा उनके स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि हम सभी किन्नौरवासी सौभाग्यशाली हैं कि स्वतंत्र भारत के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी किन्नौर जिला से संबंधित हैं। वे न केवल किन्नौर, प्रदेश, बल्कि देश की शान हैं व सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। उन्होंने कहा कि श्याम सरण नेगी ने स्वतंत्र भारत में अब तक हुए सभी चुनाव, जिनमें लोकसभा, विधानसभा व पंचायत चुनाव शामिल हैं, में मतदान किया है।
इस अवसर पर नेगी के साथ परिवार के सदस्यों सहित उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक, पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न, उपमण्डलाधिकारी कल्पा डाॅ. मेजर शशांक गुप्ता, जिला परिषद सदस्य कल्पा सरिता कुसान, जिला किन्नौर भारतीय जनता पार्टी के महासचिव यशवंत नेगी, प्रधान ग्राम पंचायत कल्पा सरिता नेगी, नायब तहसीलदार (निर्वाचन) इंद्र सिंह व अन्य उपस्थित थे।
