शिमला। शिमला-धर्मशाला मार्ग पर शिमला के 16 मील स्थित वैली पुल के स्थायी निर्माण को लेकर उपायुक्त आदित्य नेगी ने शुक्रवार को सभी सम्बद्ध विभागों के साथ स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। उन्होंने पुल को स्थाई रूप से निर्मित करने के लिए औपचारिकताएं एवं अन्य प्रक्रियाओं के संबंध में सम्बद्ध विभागों से विस्तृत चर्चा की।
आदित्य नेगी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय घण्डल को जमीन देने के संबंध में अन्यत्र स्थान पर जमीन चिन्हित की जा रही है, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण व अन्य सम्बद्ध विभाग कार्य आरंभ कर सके। इसके संबंध में जल्द रिपोर्ट सरकार को प्रस्तुत की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुल निर्माण व जमीन आवंटन के संबंध में उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय घण्डल, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य सम्बद्ध विभागों के अधिकारियों के साथ विमर्श किया।
डीसी ने कहा कि इस संबंध में लिए जाने वाले निर्णयों के प्रति जो भी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी, उसका विस्तृत ब्यौरा सरकार के समक्ष रखा जाएगा ताकि कार्य को पूर्ण किया जा सके। इस दौरान रजिस्ट्रार नेशनल लाॅ यूनिवर्सिटी सुरेन्द्र सिंह जसवाल, अनुभाग अधिकारी प्रताप चौहान, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग सुरेश कपूर, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी, उप मण्डलाधिकारी ग्रामीण निशांत ठाकुर व अन्य सम्बद्ध विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
