Spread the love
शिमला। अब हिमाचल प्रदेश हिमफेड के गोदामों में अंबुजा और अल्ट्राटेक कंपनियों का सीमेंट भी बिकेगा। इसका मकसद दूरदराज के लोगों को वक्त पर सीमेंट उपलब्ध करवाना है। यह फैसला मंगलवार को हुई हिमफेड के निदेशक मंडल की बैठक में लिया गया। बैठक में सेब सीजन के मद्देनजर कलेक्शन सेंटर भी समय रहते खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ सीमित (हिमफेड) की बैठक मंगलवार को अध्यक्ष गणेश दत्त की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सबसे पहले हिमफेड के प्रबंध निदेशक ज्ञान सागर नेगी ने निदेशक मंडल को त्रैमासिक गतिविधियों से अवगत करवाया। निदेशक मंडल ने विस्तारपूर्वक चर्चा के बाद हिमफेड की विभिन्न कार्यसूची को अनुमोदित किया। इसी में यह निर्णय लिया गया कि हिमफेड के गोदामों में अब अंबुजा और अल्ट्राटेक का सीमेंट भी बेचा जाएगा। इस संबंध में हिमफेड की ओर से इन कंपनियों के प्रतिनिधियों से बात की जा चुकी है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि हिमफेड आने वाले दिनों में कालाअंब और बिलासपुर के गड़ामोड़ा में पेट्रोल पंप भी स्थापित करेगा। इससे न केवल हिमफेड की गतिविधियों को गति मिलेगी, बल्कि अतिरिक्त संसाधन जुटाने में भी कामयाबी मिलेगी। हिमफेड के गोदामों में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के जैव उर्वरक भी उपलब्ध करवाए जाएंगे।

कर्मचारियों को मिलेगा नए वेतनमान का लाभ
बैठक में हिमफेड के कर्मचारियों के बढ़े हुए वेतनमान का लाभ देने का निर्णय लिया गया। बागवानों और कृषकों की सुविधा के लिए सावड़ा में आठ लाख रुपए की लागत से बिक्री के बाद सेवा केंद्र स्थापित करने का भी निर्णय हुआ है। हिमफेड ने शिमला के जाठिया देवी में भी स्टोर खोलने का फैसला लिया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *