शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने मंडी जिले के सराज विधानसभा हलके के पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि इस बार सराज से कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जो वायदे मंडी के लोगों से किए थे, वह एक भी पूरा नहीं हुआ। वे सोमवार को पंडोह में सराज ब्लॉक के पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की एक बैठक को सम्बोधित कर रही थी।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि मंडी में जितना भी विकास हुआ है वह पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की देन रहा है। उन्होंने कहा कि कमांद में आईआईटी व नैरचौक में मेडिकल कॉलेज केंद्र की यूपीए सरकार और प्रदेश की स्व. वीरभद्र सिंह सरकार की देन रही है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा, कांग्रेस सरकार के वक्त में किए गए कार्यों का श्रेय लेने की होड़ में है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मंडी में न तो रेल लाइन ही ला सके और न ही हवाई अड्डे को बना सके।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि मनाली में अटल टनल, सेंट्रल यूनिवर्सिटी व चम्बा, नाहन व हमीरपुर में मेडिकल कॉलेज कांग्रेस की ही देन है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में लोगों को महंगाई व बेरोजगारी ही मिली है। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला भाजपा का सबसे बड़ा घोटाला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा भाजपा को कभी माफ नहीं करेंगे।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि सेना में अग्निवीर योजना न तो देश हित में है और न ही युवाओं के हित में है। उन्होंने कहा कि सेना में चार साल का सेवाकाल युवाओं के साथ बड़ा अन्यान्य है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के हित में सड़क से संसद तक निर्णायक लड़ाई लड़ेगी।
इस दौरान उनके साथ कांग्रेस महासचिव चेतराम ठाकुर व सराज ब्लॉक अध्यक्ष टेक सिंह चौहान के अतिरिक्त बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के अलावा कई पंचायतों के प्रधान, उप-प्रधान व पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।
विधानसभा चुनावों के बाद प्रदेश में कांग्रेस पूर्ण बहुमत से अपनी सरकार बनाएगी – प्रतिभा
पंडोह में पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत में प्रतिभा सिंह ने कहा कि आज से वह कुल्लू, लाहुल-स्पीति व चम्बा जिले के दौरे पर हैं। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने और उनसे सीधा संवाद करना है। उन्होंने कहा कि लोगों में कांग्रेस के प्रति उत्साह है और आगामी विधानसभा चुनावों के बाद प्रदेश में कांग्रेस पूर्ण बहुमत से अपनी सरकार बनाएगी।उन्होंने कहा कि कांग्रेस बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर चुनाव मैदान में उतरेगी।उन्होंने कहा कि आज प्रदेश पर 70 हजार करोड़ का कर्ज चढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार की फिजूलखर्ची से प्रदेश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन का दावा करने वाली भाजपा सरकार के दोनों इंजन फेल हो चुके हैं।
