Spread the love
शिमला। प्रदेश कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा ने कहा है कि चौपाल विधानसभा क्षेत्र भाजपा सरकार की उपेक्षा का शिकार रहा है। यहां के भाजपा विधायक क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने में पूरी तरह असफल रहे हैं। वे चौपाल के घूंड पंचायत में जनजागरण एवं जनसंपर्क अभियान के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आने वाला समय कांग्रेस पार्टी का है और इस क्षेत्र का विकास कांग्रेस ही करेगी।
किमटा ने आरोप लगाया कि विधायक ने क्षेत्र में विकास के नाम पर लोगों को धोखा दिया है और लोगों को सब्जबाग दिखा कर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम किया है। उन्होंने कहा कि झूठ बोल कर लोगों को बार-बार गुमराह नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि अब इस क्षेत्र के लोगों ने उन्हें सत्ता से बाहर करने का पूरा मन बना लिया है।
रजनीश किमटा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि अब जयराम सरकार चंद दिनों की मेहमान है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता कांग्रेस के खिलाफ अनाप-शनाप बयानबाजी कर लोगों का ध्यान बांटने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सहित इनके नेता इन दिनों कांग्रेस नेताओं को डराने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा की धमकियों से डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुटता के साथ आगे बढ़ रही है।
किमटा ने कहा कि भाजपा न तो बढ़ती महंगाई पर कोई बात करती है और न ही बढ़ती बेरोजगारी पर कोई चर्चा करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला सरकार की भ्रष्टाचार की पूरी पोल खोलता है। उन्होंने कहा कि इस मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ प्रदेश के युवाओं के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाकर रहेगी।
किमटा ने सेना में अग्निपथ योजना को भी युवाओं के साथ एक बड़ा खिलवाड़ करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस योजना के खिलाफ है और प्रदेश में इसके खिलाफ सोमवार को सभी ब्लॉकों में सत्याग्रह करेगी। उन्होंने कहा कि सेना में इस प्रकार की भर्ती देश हित में नहीं है।उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वह एकजुट होकर कांग्रेस का साथ दे, जिससे भाजपा की जन विरोधी नीतियों व निर्णयों से देश प्रदेश को मुक्ति दिलाई जा सके।
इस दौरान घूंड क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने रजनीश किमटा को अपना पूरा समर्थन देते हुए कांग्रेस पार्टी का दामन भी थामा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *