Spread the love

रिकांगपिओ। आजादी के अमृत महोत्सव पर आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय नृत्य एवं शिल्प महोत्सव के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने कहा कि इस तरह के आयोजन से जिले की समृद्ध संस्कृति, रीति-रिवाज व ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण को बल मिलता है। उन्होंने कहा कि किन्नौर जिला अपनी सांस्कृतिक धरोहर के लिए देश ही नहीं विश्व भर में जाना जाता है।
नेगी ने कहा कि मेले के आयोजन से जहां स्थानीय हथकरघा, हस्तशिल्प, बुनकर व काष्ठ-कला से जुड़े कारीगरों को अपने उत्पाद बेचने के लिए अवसर प्राप्त हुआ, वहीं जिले के प्रतिभावान व्यक्तियों को अपनी प्रतिभा विभिन्न क्षेत्रों में प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध हुआ है। उन्होंने इस अवसर पर मिस-किन्नौर सौंदर्य प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली नव-युवतियों को नगद पुरस्कार व ताज पहनाकर सम्मानित किया। मिस-किन्नौर सौंदर्य प्रतियोगिता का ताज कुमारी सकीना के नाम रहा, जबकि प्रथम रनर-अप कुमारी अनामिका व द्वितीय रनर-अप श्वेता रानी रही। उन्होंने विजय रही नव-युवतियों को बधाई व हार्दिक शुभकामनाएं दी। इससे पूर्व उन्होंने प्रदर्शनियों में शामिल प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इससे पूर्व हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने भारतीय रैड क्राॅस सोसाईटी द्वारा जिले के लिए दिया गया रोगी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने भारतीय रैड काॅस सोसाईटी की किन्नौर शाखा का लक्की ड्राॅ भी निकाला। अंतिम स्टार नाईट का मुख्य आकर्षण किन्नौरी सांस्कृतिक संध्या रही जिसमें जिले के प्रसिद्ध गायक चंद्रलाल, मानसी, योगराज बैरयान व केदार नेगी ने अपनी प्रतिभा से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर का जिला वासियों के लिए संदेश पढ़कर सुनाया। उपायुक्त ने इस अवसर पर मिस-किन्नौर सौंदर्य प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए ठाकुर सेन नेगी राजकीय महाविद्यालय के प्रधानाचार्य विद्या बंधु व उनकी टीम में शामिल प्राध्यापकों को भी स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न, वनमण्डलाधिकारी रजनोल्ड राॅयस्टन, उमण्डलाधिकारी कल्पा शशांक गुप्ता, मेला अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी निचार बिमला वर्मा सहित भारी संख्या में दर्शक उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed