सुंदरनगर। प्रदेश कांग्रेस विधि विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष प्रणय प्रताप सिंह इन दिनों पार्टी के विधि विभाग को और सक्रिय करने में जुटे हैं। इसके तहत वह कुल्लू, लाहौल-स्पीति जिलों का दौरा करने के बाद मंडी और बिलासपुर जिले में संगठन की बैठकें लेकर इन्हें और सक्रिय कर रहे हैं और इसमें उन्हें सफलता भी मिल रही है।
इस कड़ी में प्रणय प्रताप सिंह ने सुंदरनगर के कांग्रेस विचारधारा के अधिवक्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी का प्रदेश की पार्टी की बागडोर सांसद प्रतिभा सिंह को सौंपने पर उनका आभार जताया। इस दौरान आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि कांग्रेस विधि विभाग के पदाधिकारियों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विभिन्न पदों पर प्राथमिकता दी जाए। बैठक में सभी अधिवक्ताओ का कहना था कि अक्सर ऐसा होता आया है कि जो अधिवक्ता कांग्रेस विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए मेहनत करते हैं, उनको पार्टी के सत्ता में आने पर उचित स्थान मिले।
उधर, प्रणय प्रताप सिंह ने बिलासपुर जिला में भी पार्टी से जुड़े अधिवक्ताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में अधिवक्ता तेजस्वी शर्मा, रमाकांत शर्मा, परवीन शर्मा इत्यादि अधिवक्ताओं ने भाग लिया। इस बैठक में भी सुंदरनगर में हुई बैठक में पास हुए प्रस्ताव की तरह प्रस्ताव पारित कर पार्टी को भेजे गए। इसमें अधिवक्ताओं को संगठन में स्थान देने के साथ-साथ मेनिफेस्टो कमेटी तथा चुनाव के समय अन्य कमेटियों में भी स्थान देने का आग्रह किया गया। बैठक में अधिवक्ताओं ने इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए हर वर्ग से साथ संपर्क बनाने के लिए जुट जाने का संकल्प लिया।
