शिमला। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से लेकर ज़िलाधीश कार्यालय तक छतरी खोल कर धरना प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने कहा कि पूरा प्रदेश इस आस में था कि प्रधानमंत्री मोदी राज्य के लिए कोई स्पेशल पैकेज जारी करेंगे, लेकिन प्रधानमंत्री की रैली केवल ‘मैं’ से शुरु होकर ‘मेरी‘ पर ख़त्म हो गई।
निगम भंडारी ने कहा कि नरेंद्र मोदी लाभार्थियों की संख्या गिनवा रहे थे, लेकिन युवा कांग्रेस मोदी से हानि ग्रस्त लोगों की संख्या गिनवाना चाहती है I प्रधानमंत्री ये क्यों नहीं बता पाए कि कोविड-19 में 47 लाख भारतीयों की जान गई। जीएसटी से 40 करोड़ दुकानदार और परिवारों को नुक्सान हुआ। घरेलु महिलाओं को महंगे किरयाना सामान से हानि हुई, बार-बार पेपर लीक से बेरोजगार युवाओं को भारी दिक्कत हो रही है। किसान आंदोलन में 700 किसानों की मौत हुई। वहीं, महंगे खाद बीज और फसल के कम दाम से किसान की कितनी हानि हुई I
निगम भंडारी ने कहा कि प्रदेश में अब कोई भी प्रधानमंत्री मोदी के भाषणों को अब गंभीरता से क्यों लेगा? क्योंकि यही नरेंद्र मोदी अपने चुनावी भाषणों में 2 करोड़ रोज़गार हर वर्ष युवाओं को देने की बात करते थे, लेकिन रोज़गार देना तो दूर की बात, इन्हीं के नोटबंदी और अनियोजित लॉकडाउन जैसे गलत निर्णयों ने करोड़ों नौकरियां छीन लीं I केंद्र के बाद प्रदेश में डबल इंजन की सरकार लाने के लिए पीएम मोदी ने युवाओं को कई लुभावने लालच दिए।
निगम भंडारी ने आरोप लगाया कि आज डबल इंजन की प्रदेश सरकार और प्रशासन की नाक के नीचे पुलिस भर्ती पेपर 8 से 10 लाख में बिके हैं। उन्होंने कहा कि नौकरियां बेचने जैसी भ्रष्टाचारी प्रदेश सरकार के बारे में एक लफ्ज़ बात भी पीएम ने नहीं की और यग कई गंभीर प्रश्न खड़ा करता है I इस मौके पर प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष अमित पठानिया, महासचिव सुरजीत भरमौरी, शुबरा जिंटा, हेमंत शर्मा, महेश सिंह ठाकुर, मनोज ठाकुर, पूनम, शिवम राणा, विनय हेटा व अन्य युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद थे।
