Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस की नवनियुक्त अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने अपना पदभार ग्रहण करने के बाद शुक्रवार  को पहले दिन प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। प्रतिभा सिंह ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व प्रदेश मामलों के सह प्रभारी संजय दत्त, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल, विनय कुमार, हर्ष महाजन, रामलाल ठाकुर, आशा कुमारी, रोहित ठाकुर, आशीष बुटेल, पूर्व विधायक संजय रत्न, जगजीवन पाल के साथ मुलाकात कर आगामी रणनीति पर मंथन किया।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में विभिन्न क्षेत्रों से उनसे मिलने आए पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं का आज भी कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में भेंट करने वालों का तांता लगा रहा।‌ प्रतिभा सिंह ने उनसे मिलने आए लोगों समर्थकों का उनके प्रति प्रेम व स्नेह के लिये आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी के भीतर सभी का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की लहर चल पड़ी है और इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद प्रदेश में कांग्रेस की लोकप्रिय सरकार बनेगी। 

प्रतिभा सिंह ने सभी को एक साथ चलने और अनुशासन का पालन करने को कहा। उन्होंने कहा कि जल्द ही पार्टी पदाधिकारियों की एक बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें पार्टी की आगे की रणनीति तय होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर पदाधिकारियों की जिम्मेवारियां तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिसे जो भी जिम्मेदारी दी गई है, उसका अवलोकन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर कुछ और लोगों को नई जिम्मेदारियां  भी दी जाएगी, जिससे पार्टी के कार्यों में तेजी आए।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि वह जल्द ही प्रदेश के जिला अध्यक्षों के बाद ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक कर उनके जिलों व ब्लॉकों के दौरे पर जाएगी और बूथ कार्यकर्तओं से भी पूरा फीडबैक लेंगी। उन्होंने साफ किया कि पार्टी के किसी भी दिशानिर्देश की अवहेलना सहन नहीं होगी।

इससे पूर्व, प्रतिभा सिंह ने आज पहले दिन प्रदेश मुख्यालय पहुंचने पर  सभी कार्यालय कर्मचारियों से औपचारिक भेंट करते हुए उनके कार्यों की जानकारी ली।‌ उन्होंने कार्यालय का कामकाज और पूरी व्यवस्था का जायजा भी लिया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *