सोलन। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को विपक्षी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुए अभूतपूर्व विकास के बावजूद कांग्रेस के नेता प्रदेश के विकास को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे देश ने कांग्रेस पार्टी को सिरे से नकार दिया है तथा आज कांग्रेस अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। वे सोलन जिले में कसौली विधानसभा हलके के परवाणु में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बुरी तरह से पराजय का सामना करना पड़ा तथा उत्तर प्रदेश में पार्टी केवल दो सीटों पर ही सिमट कर रह गई। उन्होंने कहा कि पंजाब में भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि अब इस वर्ष नवंबर माह में होने वाले विधानसभा चुनावों में प्रदेश की जनता कांग्रेस को करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि आप पार्टी के नेता भी प्रदेश की जनता को गुमराह कर रहे हैं, लेकिन जनता उनके झूठे वादों के बहकावे में नहीं आएगी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के अन्य भागों के साथ-साथ परवाणू क्षेत्र का भी समग्र विकास सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समाज के कमजोर और पिछड़े वर्गों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हिमाचल हेल्थकेयर योजना (हिमकेयर) के तहत 5 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा किया जाता है। यह योजना प्रदेश के लोगों विशेषकर गरीबों और पिछड़े वर्ग के लोगों के लिए वरदान साबित हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शगुन योजना के तहत बीपीएल परिवारों की बेटियों को शादी के समय 31,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना के तहत राज्य के युवाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए एक करोड़ रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पात्र वर्गों को इस राशि पर 35 प्रतिशत तक उपदान भी प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य के इतिहास में पहली बार सरकार द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि प्रति माह 125 यूनिट तक की बिजली खपत पर बिजली उपभोक्ताओं से जीरो बिल वसूला जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिला यात्रियों को किराए में 50 प्रतिशत छूट देने का भी निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विश्व नेता के रूप में पहचान बनी है तथा यह भारत के लिए सौभाग्य की बात है कि उनके सशक्त नेतृत्व में देश प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के गतिशील नेतृत्व में भारत विश्व गुरू बनकर उभर रहा है।
शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल द्वारा उठाई गई क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राज्य एवं केन्द्र की डबल इंजन सरकारों ने वैश्विक महामारी कोराना के बावजूद राज्य का निर्बाध विकास सुनिश्चित किया है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने अपने गृह क्षेत्र में स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में पिछले चार वर्षों में क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने कोविड महामारी की स्थिति का सफलतापूर्वक सामना किया है और हिमाचल प्रदेश इस महामारी की रोकथाम तथा कोविड टीकाकरण अभियान में देश के अन्य राज्यों के लिए एक आदर्श के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि कसौली निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न गांवों के लिए गिरी नदी से 104.03 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली जलापूर्ति योजना, जिसका आज मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया वह क्षेत्र की पानी की समस्या को हल करने में मील पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि कसौली में उपमण्डलाधिकारी कार्यालय भी मुख्यमंत्री की उदारता के कारण ही संभव हुआ है।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा डॉ. डेजी ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें पिछले चार वर्षों के दौरान विधानसभा क्षेत्र में चलाए गए विभिन्न विकासात्मक कार्यों के संबंध में जानकारी दी। दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक परमजीत सिंह पम्मी, नालागढ़ के पूर्व विधायक के.एल. ठाकुर, कालका की पूर्व विधायक लतिका शर्मा, एपीएमसी के अध्यक्ष संजीव कश्यप, जल प्रबन्धन बोर्ड के अध्यक्ष दर्शन सिंह सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष वैद्य, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. राजेश कश्यप, भाजपा मण्डलाध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा, उपायुक्त कृतिका कुल्हरी सहित अन्य गणमान्य भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
