कांगड़ा। भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने शाहपुर में भाजपा के कांगड़ा-चंबा ग्राम केंद्र सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल में कांग्रेस के शासन की तुलना में हमारी भाजपा सरकार ने राज्य और नागरिकों के विकास के लिए अद्भुत कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार के साढ़े चार साल में समाज के सभी वर्गों के उत्थान को बढ़ावा दिया है।
खन्ना ने कहा कि उनकी सरकार ने साढ़े चार साल में 8 लाख 50 हजार से अधिक घरों में पानी के कनेक्शन दिए हैं, लेकिन कांग्रेस ने कभी इस पर ध्यान नहीं दिया। भाजपा की सरकार ही आम आदमी की समस्या को समझती है और उसके समाधान के लिए संघर्ष करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को हम पूरी ताकत के साथ बता दें कि हमने अपने राज्य के बुजुर्गों का खास ख्याल रखा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में वृद्धावस्था पेंशन की आयु सीमा बढ़ाकर 80 वर्ष की थी, लेकिन हमने इसे घटाकर 60 वर्ष कर दिया।
अविनाश राय खन्ना ने कहा कि राज्य में उनकी डबल इंजन सरकार शानदार काम कर रही है। केंद्र और राज्य सरकार के ईमानदार प्रयासों ने उत्कृष्ट परिणाम दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति की सुंदरता से भरपूर और कांगड़ा की पहाड़ियों पर स्थित चामुंडा मंदिर तक पहुंचना अब काफी आसान हो जाएगा। केंद्र सरकार के सहयोग से करोड़ों की लागत से चामुंडा-हिमानी रोप-वे का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा दिन-ब-दिन मजबूत होती जा रही है और यह पार्टी के कार्यकर्ताओं के प्रयासों के कारण ही है जो पार्टी को मजबूत करने के लिए दिन-रात काम करते हैं। कार्यकर्ता भाजपा की रीढ़ की हड्डी हैं।
खन्ना ने कहा कि पार्टी ने पूरे राज्य में अपने जन संपर्क अभियान में अच्छा प्रदर्शन किया है और इससे हमारे कैडर का मनोबल बढ़ा है। इस अभियान के दौरान भाजपा के पक्ष में आम जनता की जबरदस्त एवं सकारात्मक प्रतिक्रिया देखी है। इससे यह निश्चित है कि भाजपा एक बार फिर राज्य में एक मजबूत सरकार बनाएगी। इस मौके पर मंत्री सरवीन चौधरी, राकेश पठानिया, सांसद किशन कपूर, संगठन महामंत्री पवन राणा, राकेश शर्मा और उमेश दत्त भी मौजूद रहे।
