कांगड़ा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश का सौभाग्य है कि धरती पुत्र जगत प्रकाश नड्डा विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगभग हर पार्टी कार्यकर्ता की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कार्य करने की मधुर स्मृतियां है। उन्होंने कहा कि एक विनम्र पृष्ठभूमि का सामान्य व्यक्ति दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व कर सकता है, यह केवल भाजपा में ही संभव है, क्योंकि अन्य सभी दल एक विशेष परिवार या क्षेत्र तक ही सीमित हैं। वे भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के सम्मान में कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां में आयोजित अभिनंदन रैली को संबोधित कर रहे थे।
जयराम ठाकुर ने कहा कि यह राज्य के लोगों का सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं और राज्य की विकासात्मक आवश्यकताओं के प्रति हमेशा संवेदनशील रहते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान राष्ट्रीय नेतृत्व ने सुनिश्चित किया कि देश में कोई भी व्यक्ति भोजन, मास्क, सैनिटाइजर और अन्य आवश्यक चीजों से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी महामारी के दौरान जरूरतमंदों को 50 लाख से अधिक मास्क प्रदान कर सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इतिहास सदैव स्मरण करेगा कि महामारी के संकट काल में किसने देश को इस परीक्षा की घड़ी में सफलतापूर्वक बाहर निकाला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से ही देश स्वदेशी वैक्सीन विकसित करने और दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान आरम्भ करने में सफल हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया कि इस वायरस को फैलने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। प्रदेश पात्र आयु वर्ग के शत-प्रतिशत टीकाकरण के मामले में भी देश में प्रथम स्थान पर रहा है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकारों की विकासोन्मुखी नीतियों और कार्यक्रमों के कार्यान्वयन के कारण ही भाजपा देश के उन पांच राज्यों में से चार राज्यों में फिर से सरकार बनाने में सफल रही, जहां हाल ही में चुनाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस जीत के बाद कांग्रेस नेता इन चार राज्यों में मिली करारी हार के बाद निद्रा में चले गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का वर्तमान कार्यकाल उपलब्धियों से परिपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, सहारा योजना, हिमकेयर, शगुन योजना आदि योजनाएं समाज के कमजोर वर्गों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर व्यय किए गए 400 करोड़ रुपये की तुलना में वर्तमान राज्य सरकार इस पर 1300 करोड़ रुपये से अधिक व्यय कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के विद्युत उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली मुफ्त और राज्य की महिलाओं को एचआरटीसी बसों में यात्रा पर बस किराए में 50 प्रतिशत की छूट देने का भी निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के घरेलू जल उपभोक्ताओं को निःशुल्क पानी उपलब्ध करवाने का भी निर्णय लिया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि 207 करोड़ रुपये लागत से निर्मित धर्मशाला रोपवे से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी काफी सुविधा प्राप्त हो रही है और धर्मशाला में 100 करोड़ रुपये की लागत से कन्वेंशन सेंटर भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चामुंडा मंदिर के जीर्णाेद्धार और रख-रखाव पर 10.50 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं।
सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि केन्द्र और राज्य की डबल इंजन सरकारों ने विकास को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले सवा चार वर्षों के दौरान हिमाचल प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा 2022 के विधानसभा चुनाव में मिशन रिपीट के लक्ष्य को प्राप्त करने में निश्चित रूप से सफल होगी।
नगरोटा बगवां के विधायक अरुण कुमार ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का अपने गृह क्षेत्र में पहुंचने पर स्वागत किया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी, वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया, सांसद किशन कपूर, राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी, सहप्रभारी संजय टंडन, सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल, संगठन महामंत्री पवन राणा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, विधायक, भाजपा नेता, विभिन्न अग्रणी संगठनों के महासचिव, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष इस अवसर पर उपस्थित थे।
