बिलासपुर। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा है कि हिमाचल सरकार प्रदेश के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रक्त जांच प्रयोगशालाएं स्थापित करेगी। वे शुक्रवार को आजादी के अमृत महोत्सव व आयुष्मान भारत के तहत हैल्थ एंड वैलनैस सैंटर की चौथी वर्षगांठ के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पंतेहड़ा में आयोजित खंड स्तरीय स्वास्थ्य मेले के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। गर्ग ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि स्वास्थ्य मेलों के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं गरीब से गरीब व्यक्ति तथा दूरदराज क्षेत्रों तक पहुंचाई जा सके। इन मेलो में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा लोगों की स्वास्थ्य जांच की जाती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य कि दूरदराज के क्षेत्रों में लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं घर द्वार पर मुहैया करवाना है। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति यदि कोरोना वैक्सीन लगवाने से छूट गया है तो इस मेले में कोरोना वैक्सीन लगाने की सुविधा प्रदान की जा रही है।
गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री मोबाइल क्लीनिक योजना शुरू की जा रही है। इस योजना के तहत प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में एक मोबाइल क्लीनिक खोला जाएगा। इसमें लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जरूरी उपकरण स्थापित किए जाएंगे। वैश्विक कोरोना महामारी से निपटने के लिए सिविल अस्पताल में 2 ऑक्सीजन प्लांट स्थापित कर लोगों को सुविधा प्रदान की गई है। प्रदेश सरकार द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव को बहुत उत्साहपूर्वक तरीके से मना रही है, जिसके तहत स्वास्थ्य मेलों तथा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी घुमारवीं डा. अभिनीत शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी प्रदान की। डॉ. शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य मेले में आए रोगियों को निशुल्क दवाईयां बांटी गई तथा मेले में हीमोग्लोबिन, शूगर, आरएफटी, एलएफटी, टैस्ट के साथ ईसीजी, टैस्ट भी निशुल्क किए गए। डॉ. शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य मेले में आयुर्वेदिक विभाग के चिकित्सक भी निशुल्क जांच, टेस्ट और दवाइयां रोगियों को उपलब्ध करवा रहे हैं। डॉ. शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य मेले में स्वास्थ्य जांच के लिए 787 लोगो का पंजीकरण हुआ, जिसमें से 15 स्त्री रोग की बीमारी,115 आंखों की बीमारी, शल्य चिकित्सा के 18 रोगी, चमड़ी रोग के 21 रोगी, नाक, गला, कान के 46 रोगी और सामान्य बीमारी के 571 रोगियों की जांच की गई तथा मेले के दौरान 5 लोगों के अपंगता प्रमाण पत्र बनाए गए। स्वास्थ्य मेले में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उपस्थित रही, जिसमें डॉ. ज्योति स्त्री रोग विशेषज्ञ, डॉ. दीपक शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ, डॉ. ईशानी नेत्र रोग विशेषज्ञ, डॉ. भूपेन्द्र शर्मा कान नाक गला विशेषज्ञ, डॉ. सौरभ शर्मा चमड़ी रोग विशेषज्ञ, डॉ. विवेक चौहान मेडिसिन विशेषज्ञ तथा सामान्य बीमारियों के लिए डॉ. राज पुष्प नरोत्रा, डॉ. उजयंत भारद्वाज, डॉ. सुमती, डॉ. सपना दंत रोग चिकित्सक व खंड स्वास्थ्य शिक्षक घुमारवीं सुरेश चन्देल ने स्वास्थ्य मेले में अपनी सेवाएं दी।
इस अवसर पर एमओएच डाॅ. प्रमिन्दर, पंचायत समिति अध्यक्ष रमेश ठाकुर, भाजपा मंडल किसान मोर्चा अध्यक्ष प्रकाश, ग्राम पंचायत प्रधान नीरज शर्मा, एसडीएमओ आशा, कल्याण अधिकारी तहसील कल्याण अधिकारी जगदीश शर्मा, सीडीपीओ अंजना उपस्थिति थी।
