शिमला। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व पार्टी के वरिष्ठ नेता सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व में चुनाव में उतरेगी। उन्होंने कहा है कि पार्टी विधानसभा चुनावों में सीएम फेस घोषित नहीं करेगी। उनका कहना है कि कांग्रेस एक रणनीति के तहत कार्य कर रही है और सभी नेता चुनावी तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है और विकास और रोजगार केवल मात्र सराज और धर्मपुर विधानसभा हलकों तक सिमट गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जयराम ठाकुर घोषणाओं की सरकार और उसे आम जन की कोई चिंता नहीं है। वे शनिवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे।
सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में पिछले वर्ष हुए चार उपचुनावों को कांग्रेस ने सामूहिक नेतृत्व में लड़ा था और उसका परिणाम रहा कि पार्टी चारों सीटों को जीती। उन्होंने कहा कि अब विधानसभा चुनावों में भी पार्टी ऐसी ही करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सत्ता में आने पर जहां ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू करेगी, वहीं आउटसोर्स में भर्ती कर्मचारियों के लिए योग्यता के आधार पर नीति लाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ राज्यों में ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू किया है और अब हिमाचल में सत्ता में आने पर इसे लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ओल्ड पेंशन स्कीम की मांग करने वाले कर्मचारी नेताओं को सरकार उत्पीड़ित कर रही है और उनका दूरदराज के इलाकों में तबादला कर रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जयराम ठाकुर सरकार दिल्ली के हुक्म के बिना कोई काम नहीं कर सकती है। उन्होंने कहा कि जब तक वहां से आदेश नहीं आता, यहां कुछ नहीं होता। उन्होंने जयराम ठाकुर सरकार को घोषणाओं की सरकार करार देते हुए कहा कि उसे आमजन की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार पर केंद्र का भारी दबाव है और वह इससे ही बाहर नहीं निकल पाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा ही समाज के हर वर्ग का ध्यान रखते हुए कार्य करती रही है और आगे भी ऐसा ही करेगी। उन्होंने विकास और रोजगार देने पर भी जयराम सरकार को घेरा और कहा कि यह सरकार युवा विरोधी है। युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं और सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्यभर में विकास ठप है और केवल मात्र सराज और धर्मपुर तक यह सिमट गया है। वहीं, रोजगार की बात करें तो इसमें भी यही हो रहा है और युवा आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
सुक्खू ने भ्रष्टाचार के मामले पर भी सरकार को घेरा और कहा कि सरकार को पता ही नहीं चल रहा कि कहां क्या हो रहा है। उन्होंने पूछा कि आखिर डॉ. राजीव बिंदल को भाजपा अध्यक्ष पद से क्यों इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव के खिलाफ भी आरोप लगे हैं और इसकी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए और मुख्यमंत्री को तुरंत कदम उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले पर मुख्यमंत्री को जवाब देना होगा।
सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने राज्य में कानून व्यवस्था और राज्य में नशाखोरी के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इसके लिए सरकार को और सख्त कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि आज चिट्टा घरों के दरवाजे तक पहुंच गया है और चिट्टे के व्यापारियों को सख्त सजा नहीं मिल रही है और वे छूट जाते हैं। इसके चलते युवा पीढ़ी नशे के दलदल में फंसती जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के सौदागरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और उनकी संपत्ति जब्त की जाए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को बचाने के लिए सख्त से सख्त कदम उठाए जाने की जरूरत है।
सुक्खू ने पूछा- आखिर पंजाब और हरियाणा से महंगा क्यों है यहां पर सीमेंट
सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में सीमेंट के बड़े कारखाने हैं और यहां पर सीमेंट महंगा है। उन्होंने कहा कि यह गंभीर मामला है और सरकार ने इस मामले में चुपी साध रखी है। उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा में सीमेंट हिमाचल से एक सौ रूपए सस्ता है और जहां पर यह बनता है वहां पर महंगा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के खनिज पदार्थ हैं और यहां पर हजारों बीघा जमीन सस्ती दर पर कंपनियों को लीज पर दी गई है और बिजली भी रियायती दर पर दी जा रही है। इसके बाद भी यहां पर सीमेंट के दाम क्यों इतने ज्यादा है और पिछले दिनों इसमें और बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि महंगे सीमेंट के कारण लोगों को भारी दिक्कत हो रही है और इसे देखते हुए सरकार को अपनी चुप्पी तोड़ते हुए इस संबंध में आवश्यक कदम उठाते हुए प्रदेश के लोगों को राहत देनी चाहिए।
