Spread the love

बिलासपुर। उप शिक्षा निदेशक प्रारम्भिक कुलभूषण ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा अधिसूचित पार्ट टाईम मल्टी टास्क वर्कर पालीसी 2020 तथा उसमें समय-समय पर हुए संशोधनों के अनुसार प्रारंभिक शिक्षा विभाग अपने अधीन आने वाली प्राथमिक पाठशालाओं व एकल माध्यमिक पाठशालाओं में पार्ट टाईम मल्टी टास्क वर्कर की भर्ती प्रक्रिया मासिक मानदेय रुपए 5625/- (शैक्षणिक सत्र के दस माह के लिए) पर प्रारम्भ करने जा रहा है। इसके लिए खाली पदों की सूचना विभाग की वेबसाईट पर तथा सम्बंधित उप निदेशक कार्यालय एवं खण्ड प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारियों के कार्यालय तथा संबंधित उप मंडलाधिकारी (नागरिक) के कार्यालय में उपलब्ध है।
कुलभूषण ने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी इन पदों हेतु अपना आवेदन पत्र सादे कागज पर सभी प्रमाण पत्रों एवं दस्तावेजों की स्वप्रमाणित फोटो कॉपी सहित संबंधित खण्ड प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में 27 अप्रैल 2022 सांय 5.00 बजे तक जमा करवा सकते हैं। आवेदन पत्र पर स्वप्रमाणित नवीनतम पासपोर्ट आकार की फोटो चिपकाना अनिवार्य होगा। इच्छुक उम्मीदवार अपना आवेदन दिनांक 13 अप्रैल से दिनांक 27 अप्रैल 2022 तक सम्बन्धित खण्ड प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। निर्धारित तिथि के पश्चात् कोई भी आवेदन स्वीकार्य नहीं होगा। प्रार्थी की आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। ऊपरी आयु सीमा में नियमानुसार छूट देय है।
आवेदन के साथ दूरी प्रमाण पत्र सम्बंधित पंचायत सचिव अथवा शहरी स्थानीय निकाय मे सम्बंधित कार्यकारी अधिकारी द्वारा जारी किया हुआ हो, जन्मतिथी व आयु प्रमाण पत्र, (पंचायत सचिव द्वारा जारी) शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र संलग्न करने होंगे। इसके अतिरिक्त विभिन्न श्रेणियों के प्रमाण पत्र विधवा, अनाथ, संदर्भित दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं ऐसे परिवार का सदस्य जो अत्यधिक गरीब दयनीय परिस्थिति में रह रहा हो का प्रमाण पत्र,  पति द्वारा परित्यक्त नारी प्रमाण पत्र, उन अभ्यर्थियों के लिए जिन के परिवार ने पाठशाला के लिए भूमि दान की है, भूमि दान प्रमाण, अभ्यर्थी जो अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति,  अन्य पिछडा वर्ग, गरीबी रेखा से नीचे संबंध रखता हो, का प्रमाण पत्र, अभ्यर्थी, जिसके परिवार से कोई भी सदस्य सरकारी या गैर सरकारी नौकरी नहीं हैं का प्रमाण पत्र आवेदन के साथ संलग्न करना होगा। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *