शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने प्रदेश भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस के आरोपो का न तो उसके पास कोई जवाब है और न ही कोई तोड़। उन्होंने कहा है कि प्रदेश भाजपा को आज अपने राष्ट्रीय प्रवक्ताओं को यहां लाना पड़ रहा है, क्योंकि उसके पास कांग्रेस के आरोपों का कोई जबाब ही नहीं है।
राठौर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इससे साफ है कि प्रदेश में भाजपा पूरी तरह बौखलाहट में बेचैन है। उन्होंने भाजपा प्रवक्ता नलिन कोहली के लॉक डाउन के चलते धर्मशाला आने पर सवाल उठाते हुए सरकार से जानना चाहा कि वह बताए कि कोरोना रेड ज़ोन से आए कोहली ने क्या यहां आने की कोई प्रशासन से अनुमति ली थी। क्या वह सड़क मार्ग से आए या वायु मार्ग से यहां पंहुचे, जिसके आने की कोई खबर स्थानीय प्रशासन को भी नहीं थी। उनके साथ कितने लोग आए थे। क्या वह राज्य अथिति घोषित किए गए थे। क्या उन्होंने कोरोना प्रोटोकॉल को फॉलो किया। क्या उन्हें संस्थागत क्वारन्टीन किया गया।
राठौर ने कहा कि इससे पूर्व प्रदेश पुलिस मुख्यालय में दिल्ली से एक संक्रमित व्यक्ति पुलिस प्रमुख से मिल कर चला जाता है जो बेहद ही गंभीर मामला है। उन्होंने कहा है कि ऐसा लगता है को लॉक डाउन का नियम विशेष व्यक्ति के लिए अलग और आम लोगों के लिये अलग हैं। उन्होंने कहा कि इन सब प्रश्नों की जबाबदेही प्रदेश सरकार की बनती है। उन्होंने कहा कि पहले भी भाजपा अपने नेताओं को लॉक डाउन में यहां लाई और उनका भी कोई कोविड प्रोटोकॉल फॉलो नहीं किया गया। इससे साफ है कि प्रदेश सरकार इस नियम के प्रति कतई संवेदनशील नहीं है। आज प्रदेश व देश मे जिस प्रकार कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ रही है वह सब इनकी विफलताओं को उजागर करती है। आज देश इस महामारी में विश्व के चौथे पायदान में पहुंच गया है जो बहुत ही चिन्ता का विषय है।
राठौर ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से भी जानना चाहा है कि वह देश प्रदेश में किस प्रकार का जन संवाद रैलियां करवाकर सरकार की क्या उपलब्धियां लोगों में गिना रही है। देश की गिरती अर्थव्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई से आज देश त्रस्त है और भाजपा वर्चुअल रैलियां कर रही है। उन्होंने कहा कि यह कहीं और बेहतर होता कि जिस प्रकार भाजपा अपनी इन वर्चुअल रैलियों में पैसा खर्च कर रही है। उतना अगर कोरनो महामारी के बचाव पर खर्च कर देती तो देश के लोगों को कुछ राहत मिलती।
