Spread the love

कुल्लू। प्रदेश सरकार हर क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए कृतसंकल्प है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य सड़क, पेयजल, सिंचाई, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं सहित विकास के अन्य क्षेत्रों में करोड़ों रुपए व्यय कर समाज के प्रत्येक वर्ग को लाभान्वित किया जा रहा है। यह बात शिक्षा, भाषा कला एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि गत दिवस शिमला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक में प्रदेश के विकास के साथ-साथ कर्मचारियों के हित में कई निर्णय लिए गए। इनमें जिला कुल्लू के लिए भी राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य क्षेत्रों में विकास को लेकर अहम निर्णय लिए गए। उन्होंने मंत्रिमंडल की बैठक में जिला कुल्लू के लिए गए अहम निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया तथा जिलावीसियों को भी विभिन्न सौगातें प्रदान करने को बधाई दी। 

गोविंद ठाकुर ने बताया कि मंत्रिमंडल बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार अब जिला कुल्लू में खराहल घाटी पटवार सर्कल का पुनर्गठन कर दो नए पटवार सर्कल किंजा तथा चंसारी बनाने का निर्णय लिया गया। इससे अब चिंजा तथा चांसरी गांव के साथ-साथ आस-पास के अन्य गांवों को अपने राजस्व सम्बंधित कार्यों को निपटाने के लिए घर के नजदीक सुविधा मिलेगी। बागवानी विभाग के तीन जोन बनानेे का भी निर्णय लिया गया। अब जिला कुल्लू का नेतृत्व संयुक्त निदेशक बागवानी विभाग मंडी करेंगे। बागवानों को अब बागवानी से सम्बंधित बेहतर नवीनतम तकनीको की जानकारी व अन्य सुविधाएं घर के नजदीक प्राप्त होंगी। इसी प्रकार सैंज में नया शिक्षा खंड खोलने की घोषणा की गई। अब बंजार शिक्षा खंड के साथ नया शिक्षा खंड सैंज बनाया जाएगा। राजकीय उच्च पाठशाला प्रीणी  का नाम बदलकर पूर्व प्रधानमंत्री के नाम पर अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय उच्च पाठशाला प्रीणी करने का निर्णय लिया गया।

 शिक्षा मंत्री ने कहा कि जिला के दूर-दराज गांव मलाणां के लोगों को घर-द्वार पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों, इसके लिए मलाणा में स्वास्थ्य उप केन्द्र खोलने तथा इसमें आवश्यक पदों के सृजन को स्वीकृति प्रदान की गई। पशु औषधालय बजौरा को पशु अस्पताल में स्तरोन्नत करने को भी मंजूरी प्रदान की गई। कुल्लू जिला के गांव बरी तथा सोयल में भी पशु औषधालय खोलने का निर्णय लिया गया। इससे निश्चित रूप से लोगों को बेहतर पशु चिकित्सा सेवाएं व सुविधाएं घर के नजदीक उपलब्ध होंगी। प्राथमिक व उच्च शिक्षा विभाग में एसएमसी अध्यापकों की सेवाओं को जारी रखने का निर्णय लिया गया। इससे  जिला कुल्लू में विभिन्न स्कूलों में सेवारत एसएमसी अध्यापकों को लाभ होगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *