Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस मीडिया विभाग की वाईस चेयरमैन शुबरा जिंटा ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आज समाज के हर वर्ग की कमर तोड़ दी है । उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार को जनता को महंगाई से राहत दिलवाने में प्रयास करना चाहिए था, लेकिन वह केवल मुद्दे से भटकाने की दिशा में ही काम कर रही है।शुबरा जिंटा ने सोमवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पिछले 12-13 दिनों से पेट्रोल व डीज़ल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और हिमाचल के अधिकतम जिलों में पेट्रोल की क़ीमत का आंकड़ा शतक पूरा कर चुका है। रसोई गैस सिलेंडर के दाम एक बार फिर हज़ार के ऊपर है। इसी महीने सीमेंट व सरिया के दामों में भी भारी वृद्धि की गई है। पेट्रोल व डीज़ल रेट बढ़ने का असर यह है कि ट्रक यूनियनों ने भी भाड़ा 2 रुपए प्रति किलोमीटर बढ़ा दिया, जिसका प्रभाव अब हर घरेलू अर्थ व्यवस्था पर पड़ेगा, जो कि बहुत ही चिंताजनक है। 

शुबरा जिंटा ने कहा कि 5 राज्यों के चुनाव के परिणाम आने के बाद सुनियोजित तरीक़े से सभी रोजमर्रा की चीज़ों के दामों में बढ़ोतरी कर भाजपा सरकार ने देश व प्रदेशवासियों के साथ बहुत धोखा किया है। उन्होंने कहा कि आज सरकार और उसके अहंकारी नुमाइंदे मंहगाई के प्रश्न पर चुप्पी साधे हुए हैं। शुबरा ने कहा कि सरकार द्वारा नियोजित महंगाई के विरोध में प्रदेश के हर वर्ग आने वाले शिमला नगर निगम व विधानसभा चुनाव में बीजेपी की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए मन बना लिया है। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता पंकज कुमार भी मौजूद थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *