Spread the love

शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर देश में पेट्रोल, डीजल व एलपीजी के बढ़ते मूल्यों के विरोध में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अब फिर से सड़कों पर उतर रही है। कांग्रेस ‘महंगाई मुक्त भारत’ अभियान के तहत धरना व मार्च का आयोजन करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने सोमवार को यहां बताया कि 31 मार्च को प्रदेश के सभी ब्लाकों में कांग्रेस इस अभियान के तहत धरना देगी व मार्च करेगी। वहीं, 2 अप्रैल से 4 अप्रैल तक सभी जिलों में जिला स्तरीय धरना व मार्च का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में 7 अप्रैल को शिमला में राज्य स्तरीय महंगाई मुक्त भारत धरना व मार्च का आयोजन किया जाएगा।

राठौर ने बताया कि जिला स्तर पर होने वाले इस धरने में जिला कांग्रेस के सभी पदाधिकारी व ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों के अलावा सभी अग्रणी संगठनों महिला कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, इंटक के अतिरिक्त कांग्रेस के सभी विभागों के सभी सदस्यों को आवश्यक तौर पर भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि 7 अप्रैल को शिमला में होने वाले इस राज्य स्तरीय धरना मार्च में भी सभी पार्टी पदाधिकारियों के साथ-साथ सभी अग्रणी संगठनों व विभागों के सभी पदाधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *