Spread the love

शिमला। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता व विधायक आशा कुमारी ने कहा है कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर राज्य में ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत राजस्थान और छत्तीसगढ़ से हो चुकी है। उन्होंने राज्य सरकार पर कर्मचारी विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा कि कर्मचारियों को हक देने की जगह उन्हें डराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि ओपीएस मामले में मुख्यमंत्री हठ लेकर क्यों बैठे हैं, यह समझ से परे है।

राज्यपाल अभिभाषण पर बोलते हुए आशा कुमारी ने कहा कि यह दस्तावेज नीरस और बिना तथ्यों का दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि यह सरकार, किसान, महिलाओं, कर्मचारियों, बेरोजगारों और युवाओं की विरोधी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने योजनाओं पर योजनाएं तो खूब चलाई हैं, लेकिन जमीन पर कुछ नहीं है। आशा कुमारी ने बढ़ती महंगाई पर भी सरकार को घेरा और कहा कि सरसों तेल महंगा हो गया है और अन्य खाद्यान्न भी महंगा हो रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि पूर्व यूपीए सरकार की मनरेगा स्कीम न होती तो कोविड काल में कई लोगों को भोजन के लिए जूझना पड़ता। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए सरकार की कोई तैयारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि इस दौरान सेनेटाइजर, पीपीई किट समेत कई तरह के घोटाले हुए, जिसमें एक अधिकारी को जेल में भी जाना पड़ा। उन्होंने महिलाओं के प्रति हो रहे अपराध को भी उजागर किया और कहा कि मामले में लगातार बढ़ोतरी होना चिंता की बात है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *