शिमला। प्रदेश युवा कांग्रेस ने केन्द्र सरकार द्वारा 2022-23 के लिए प्रस्तुत बजट को निराशाजनक करार दिया है। उसने कहा है कि उम्मीद थी कि बजट गरीबों व आम लोगों के लिए राहत लाएगा, परन्तु हमें अच्छे दिनों के लिए अगले 25 साल और इन्तजार करना पड़ेगा।
प्रदेश युवा कांग्रेस मीडिया विभाग की वाइस चेयरमैन शुभरा जिन्टा ने सोमवार को यहां कहा कि भारत में 53 मिलियन युवा बेरोजगार हैं, परन्तु भारत सरकार का अमृत काल चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस बजट में प्राथमिकताओं का कोई जिक्र नहीं किया गया है। मध्यम वर्ग के लिए, नौकरी पेशा युवाओं के लिए बजट में कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए कोई ठोस नीति नहीं है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में लाखों युवा रोजगार गंवा चुके हैं। जहां तक हिमाचल प्रदेश की बात है, प्रदेशवासियों की सभी प्राथमिकताओं को नजर अंदाज किया है। इसकी जवाबदेही प्रदेश भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की बनती है।
शुभरा जिन्टा ने कहा कि प्रदेश युवा कांग्रेस युवाओं की आवाज होने के नाते न कुछ भूली है और न भुलने देगी। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ऐसी गलत नीतियों का विरोध करती है और करती रहेगी। इस प्रेसवार्ता में प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रवक्ता हेमंत शर्मा, जिला युवा कांग्रेस शिमला शहरी के अध्यक्ष अंकुश कुमार गोनू, उपाध्यक्ष संदीप चौहान व एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष योगेश ठाकुर मौजूद थे।
