Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश में ठेकेदारों के एम फार्म के मामले के न सुलझने के कारण अब राजनीति भी शुरू हो गई है। विपक्षी कांग्रेस ने इस मामले पर सरकार को घेरते हुए ठेकेदारों के मामले को सुलझाने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने सरकार से मांग की कि राज्य में आंदोलनरत ठेकेदारों से शीघ्र बातचीत कर उनकी समस्याओं को जल्द सुलझाया जाए। राठौर ने कहा कि आज प्रदेश में जितने भी सरकारी निर्माण कार्य हो रहे हैं वह सब इन्ही के सहयोग से हो रहे हैं। इसलिए इनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उन्हें माना जाना चाहिए।

राठौर ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि प्रदेश में सरकारी निर्माण कार्यों में जुटे ठेकेदारों का लंबे समय से उनके किए कार्यों का बकाया भुगतान नहीं हो रहा है। ऐसे में उन्हें अपने श्रमिकों को उनके श्रम का भुगतान करने में भारी मुश्किलें आ रही हैं।कुलदीप राठौर ने कहा कि ठेकेदारों ने बैंकों से बड़े-बड़े लोन लेकर बड़ी-बड़ी मशीनरी खरीद रखी है। कोरोना के चलते प्रदेश में पिछले 2 सालों से निर्माण कार्य ठप पड़े होने की वजह से उन पर बैंक कर्जों का दबाव भी पड़ा है। इसलिए सरकार को इन ठेकेदारों के साथ बातचीत कर उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए तुरंत ही कोई प्रभावी कदम उठाने चाहिए।राठौर ने कहा कि एक तरफ बर्फबारी से सड़कों को भारी नुकसान हुआ है। ऊपर से अगर ठेकेदार अपना काम रोक देते हैं तो इसका प्रदेश में सड़कों के रखरखाव पर विपरीत असर पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से बर्फबारी की वजह से हुई बेहाल सड़कों की मरम्मत करवाने और बंद पड़ी सभी सम्पर्क सड़कों को तुरंत बहाल करवाने की मांग भी की है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *