Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव बलदेव ठाकुर और यशपाल तनाईक ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार छठे वेतन आयोग की सिफारिश को लागू करने में टाल मटोल कर कर्मचारियों के साथ भद्दा मजाक कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार तथा अधिकारियों ने कर्मचारियों को उलझा कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इसे पहली जनवरी से इसे लागू करने की अधिसूचना जारी कर दी है, परन्तु अभी तक सरकारी कोषागार को सम्बन्धित विभागों की कर्मचारियों द्वारा अपनाए गए विकल्प की सूचना प्राप्त नहीं हो रही है। क्योंकि जो अधिसूचना में विकल्प दिए गए हैं, उससे उनके वेतनमान में कटौती या कई कर्मचारियों, जिसमें प्रवक्ता, शिक्षक व अन्य केटेगरी से पहले दिए गए वेतन से वसूली की आशंका जताई गई है।

बलदेव ठाकुर व यशपाल तनाईक ने सरकार तथा वित्त विभाग के अधिकारियों पर आरोप लगाया कि जब इन्हे अपने वेतन व भत्तों में बढ़ोतरी करनी होती है, तब किसी तरह की कमी नहीं  रहती है। यह सब कमियां प्रदेश के मेहनतकश कर्मचारियों के लिए रह जाती है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर इस बढ़ती महंगाई में सभी नौकरी पेशा लोग यह उम्मीद लगाए बैठे थे कि आने वाली पहली फरवरी 2022 को बढ़ा हुआ वेतनमान मिलेगा कि नहीं, यह स्थिति अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा कर्मचारियों की हितैषी रही है और जब-जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार रही है, हमेशा कर्मचारियों की मांगों को पूरा किया गया है और कभी भी उनके साथ किसी भी तरह का भेदभाव नहीं किया है। 

कांग्रेस सचिव बलदेव ठाकुर व यशपाल तनाईक ने सरकार से बिना किसी विलम्ब इनकी मांगों को पूरा करने की अपील की है। साथ ही इन्हें तीसरा विकल्प चुनने जिसमें वर्तमान पे स्केल में 15 प्रतिशत वृद्धि की मांग की है को भी लागू करने की मांग की। उन्होंने सभी कर्मचारी संगठनों से अपील की कि वे लामबंद होकर सरकार से अपनी मांगों को उठाएं। साथ ही कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा की तरह उनकी जायज मांगों का समर्थन करती है तथा उनके साथ खडी है। यदि सरकार इनकी मांगों को नहीं मानती है तो कांग्रेस पार्टी इनके हितों के लिए सड़क पर उतरने के लिए तैयार है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *