शिमला। हिमाचल प्रदेश में काेराेना वायरस के मामलों में और बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 2446 नए मरीज पाॅजिटिव आए हैं। इस साल अब तक यह सबसे अधिक मामले हैं। उधर, राज्य में कोरोना वायरस से छह और मरीजों की मौत भी हुई है। इनमें कांगड़ा जिले में चार और एक-एक माैत चंबा और ऊना जिला में हुई है। प्रदेश में काेराेना संक्रमण से मरने वालाें का आंकड़ा बढ़कर 3880 हो गया है।
प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 2446 नए मामले कोरोना पाजिटिव आए हैं। इससे प्रदेश में काेराेना संक्रमण का आंकड़ा बढ़कर 2,45,811 पहुंच गया है। राज्य में कोरोना संक्रमण के 12,142 एक्टिव केस हैं। बीते 24 घंटाें के दाैरान प्रदेश के चार जिलाें में काेराेना के 300 से ज्यादा नए मामले पाॅजिटिव आए हैं। इनमें साेलन जिला में सबसे ज्यादा 359, कांगड़ा जिला में 348, मंडी में 312, सिरमाैर में 310, शिमला में 280, ऊना में 207, बिलासपुर में 214, हमीरपुर में 168, कुल्लू में 119, चंबा में 75, किन्नाैर में 46 और लाहाैल-स्पीति में काेराेना के 8 नए मामले पाजिटिव आए हैं। वहीं, प्रदेश में 1292 मरीज इस कोरोना संक्रमण से ठीक भी हुए हैं और प्रदेश में इस कोरोना वायरस से ठीक हाेने वालाें का आंकड़ा बढ़कर 2,29,746 के पास पहुंच गया है।
