Spread the love

शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला ने पार्टी के सदस्यता अभियान में तेजी लाने और इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि चूंकि इस साल प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी होने हैं, इसलिए पार्टी के अधिक से अधिक सदस्य बनाए जाने चाहिए। इसके लिए डिजिटल सदस्यता अभियान भी शुरू किया जा सकता है। वे वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के जिलाध्यक्षों को सम्बोधित कर रहे थे। 
राजीव शुक्ला ने प्रदेश कांग्रेस में पार्टी के जन जागरण अभियान, पार्टी सदस्यता अभियान, ट्रेनिंग कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कहा कि सदस्यता अभियान बूथ स्तर तक सही ढंग से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई फर्जी सदस्य न बने, इस पर पूरी नजर रखी जानी चाहिए। इसके लिए उन्होंने आधार नंबर के साथ सदस्यता अंकित करने को कहा। प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने इस बैठक में कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के सदस्यता अभियान पर वह खुद अपनी पूरी नज़र रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के चलते जनजागरण अभियान समेत अन्य कार्यक्रमों में थोड़ा विघ्न पड़ा है और अन्य जन कार्यक्रम स्थागित कर दिए गए हैं। राठौर ने शुक्ला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन से प्रदेश में कांग्रेस मजबूती के साथ आगे बढ़ते हुए सरकार के जन विरोधी निर्णयों के खिलाफ एकजुटता से लोगों के बीच गई है। 
इससे पहले, प्रदेश कांग्रेस के सभी 13 संगठनात्मक जिलों के अध्यक्षों ने अपने-अपने जिलों में जनजागरण व सदस्यता अभियान की प्रगति की पूरी जानकारी बैठक में दी। सभी जिलाध्यक्षों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के तीन साल के कार्यकाल की सराहना करते हुए चुनावों में मिली जीत का श्रेय प्रदेशाध्यक्ष को देते हुए उन्हें इसकी बधाई दी।

राठौर के तीन साल के कार्यकाल को बताया उल्लेखनीय, प्रस्ताव पारित कर भेजा आलाकमान को 

हमीरपुर के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र ज़ार ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के तीन साल के सफल व उल्लेखनीय कार्यकाल पर एक प्रस्ताव प्रस्तुत किया। वहीं, इसे कांग्रेस आलाकमान को भेजते हुए प्रदेश में हुए उप चुनावों में जीत का श्रेय प्रदेशाध्यक्ष को दिया। इसका सभी जिला अध्यक्षों ने अपने-अपने हाथ खड़े कर इसका समर्थन किया। साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में विधानसभा चुनावों में भारी जीत का दावा किया गया। प्रस्ताव में आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में करवाने का ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित किया गया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *