शिमला। हिमाचल में कोरोना संक्रमण से राहत नहीं मिल रही है। भाजपा विधायक डा. राजीव बिंदल, माकपा विधायक राेकश सिंघा भी कोरोना पाजिटिव आए हैं। इस बीच, प्रदेश में दाे मरीजाें की इस संक्रमण से जूझते हुए मौत हुई है। इनमें शिमला में एक 16 वर्षीय युवक भी शामिल है। प्रदेश में काेराेना संक्रमण से अब तक 3874 मरीजों की मौत हो चुकी है।
उधर, प्रदेश में बीते 24 घंटाें के दाैरान काेराेना संक्रमण के 1076 नए मामले पाॅजिटिव आए हैं।शिमला जिला में आज सबसे ज्यादा 213 नए मामले काेराेना पाॅजिटिव आए हैं। साेलन जिले में 193, कांगड़ा में 152, मंडी में 128, सिरमाैर में 133, ऊना में काेराेना के 80, हमीरपुर में 62, बिलासपुर में 41, कुल्लू में 41, चंबा में 23, किन्नाैर में 3 और लाहाैल स्पीति में एक मामला कोरोना पाॅजिटिव आया है। प्रदेश में काेराेना संक्रमण का आंकड़ा बढ़कर 243365 पहुंच गया है। इसमें काेराेना के सक्रिय मरीज बढ़कर 11 हजार हो गए हैं। इस बीच, 624 मरीज इस संक्रमण से ठीक भी हुए हैं। अब तक कुल 228454 मरीज इस संक्रमण के मात देकर ठीक हुए हैं।
