Spread the love
शिमला।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व अर्की से विधायक पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र अर्की में सोडियम हाइपोक्लोराइड और ब्लीचिंग पॉउडर के छिड़काव के लिए संभावित कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए अपनी विधायक निधि से 6 लाख की राशि प्रदान की है। उन्होंने कहा कि यह राशि उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में इस महामारी से निपटने व सुरक्षा उपायों को दिए हैं।
वीरभद्र सिंह ने कहा कि देश मे इस आपदा के समय कांग्रेस पार्टी भी सरकार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि यह समय धैर्य से रहने का है। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहते हुए असहाय और जरूरत मंद लोगों की सहायता के लिए भी एकजुट होकर आगे आना है। उन्होंने कहा कि यह एक वायरस है जो एक दूसरे के सम्पर्क में आने से फैलता है इसलिए सभी को अपने अपने घरों में सुरक्षित रहना है। वीरभद्र सिंह ने इस महामारी से निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों को उचित ठहराते हुए कहा कि लोगों को सरकार के सभी दिशा निर्देश का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अन्य राज्यों की अपेक्षा सम्भावित कोरोना के मामले बहुत कम है।
वीरभद्र सिंह ने प्रदेश सरकार से कहा कि उन्हें सभी जरूरतमंद लोगों की पूरी देखरेख करते हुए सुनिश्चित बनाना है कि कोई भी मजदूर या श्रमिक कर्फ्यू के दौरान कहीे भी भूखा प्यासा न रहे। सभी जगह इस महामारी की रोकथाम के उपाय और सुरक्षा मास्क और सेनेटाइजर समय पर उपलब्ध करवाए जाने चाहिए। उन्होंने इस कार्य मे लगे स्वास्थ्य अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिस व स्वमसेवी संगठनों की सराहना करते हुए कहा कि यही देश की समृद्ध एकता और अंखडता है जो किसी भी विपदा के समय एकजुट होकर आगे आते हैं।
वीरभद्र सिंह ने अर्की उपमंडल अधिकारी से इस क्षेत्र में किसी भी समस्या के लिये उनसे तुरन्त सम्पर्क करने को कहा है। उन्होंने कहा कि चूंकि वह इस क्षेत्र के विधायक भी हैं, इसलिए इस क्षेत्र की उनकी प्रमुख जिम्मेदारी भी है। वीरभद्र सिंह ने कर्फ्यू के दौरान जरूरी खाद्यान्न की आपूर्ति सुनिश्चित करने को भी कहा है।उन्होंने प्रदेश के व्यपारी वर्ग का भी आह्वान किया कि वह देश व प्रदेश भक्ति को सर्बोपरि मानते हुए लोगों की किसी भी प्रकार की सहायता के लिए आगे आये।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *