मंडी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भरोसा दिया है कि भाजपा प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में फिर से जीत दर्ज कर भाजपा फिर से सत्ता में लौटेगी। प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूरा होने पर मंडी में आयोजित रैली में जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और संगठन की ताकत की मदद से भाजपा 2022 में फिर सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि 1985 के बाद राज्य में कोई भी सरकार रिपीट नहीं हुई है, लेकिन इस बार इस मिथक को तोड़ने की कोशिश की जाएगी और इसके लिए कोई कमी किसी भी स्तर पर नहीं छोड़ी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल के इतिहास में पहली बार एक दिन में 11581 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास हुए हैं, जो एक रिकार्ड है। उन्होंने कहा कि रेणुका जी बांध परियोजना से न केवल सिरमौर में विकास के द्वार खुलेंगे, बल्कि देश की राजधानी दिल्ली की पानी की जरूरतें भी पूरी हो जाएंगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के कारण ही आज हिमाचल में सरकारी क्षेत्र में 6 मेडिकल कालेज और निजी क्षेत्र में एक, अटल टनल, पीजीआई का सेटेलाइट सेंटर और बिलासपुर में एम्स जैसी सौगातें हिमाचल को मिल पाई हैं।
जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही हिमकेयर, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन की विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने यह भी कहा कि अटल टनल रोहतांग प्रधानमंत्री की हिमाचल को सबसे बड़ी सौगात है। यह सुरंग न केवल लाहौल-स्पीति के लोगों के लिए वरदान साबित हुई है, बल्कि एक प्रमुख पर्यटक स्थल के रूप में भी उभरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अगले साल बिलासपुर में एम्स के उद्घाटन का न्योता भी दिया।
