शिमला। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव रजनीश किमटा ने चौपाल के भाजपा विधायक बलबीर वर्मा पर आरोप लगाया है कि वह इस क्षेत्र में लोगों की समस्याओं को दूर करने और यहां का विकास करवाने में पूरी तरह विफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की उपेक्षा के चलते इस क्षेत्र के किसान व बागवान बहुत ही परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश के लोगों के साथ-साथ यहां चौपाल के लोग भी भाजपा से छुटकारा पाना चाहते हैं और चुनावों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
चौपाल विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के विरोध में चौपाल से सराहां तक जन जागरण रैली का नेतृत्व करते हुए किमटा ने कहा कि भाजपा हमेशा ही गरीब विरोधी रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल पूंजीवाद को बढ़ावा देती आई है। बड़े-बड़े पूंजीपतियों के साथ मिलकर उनके हितों के लिए लाभकारी योजनाएं बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि देश के किसानों ने सरकार के फैसलों को बदलने में मजबूर कर दिया है। 13 महीनों तक सड़कों से बैठे देश के अन्नदाता ने भाजपा को अपनी ताकत के आगे घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। रजनीश किमटा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हुए उप चुनावों के बाद प्रदेश भाजपा सरकार लोगों को लुभाने में जुट गई है। कर्मचारियों सहित प्रदेश के विकास की झूठी घोषणाएं की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का खजाना खाली पड़ा है। सरकार कर्ज की बैसाखियोें पर चल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश विकास के मामले में पूरी तरह पिछड़ गया है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी भाजपा की तानाशाही नीतियों व निर्णयों की मुख्य वजह रही है।देश में नोटबंदी कर देश की अर्थव्यवस्था पर जो चोट हुई। देश आज दिन तक उस चोट से उभर नहीं पा रहा है। उन्होंने कहा कि कारखाने बंद होने से जहां देश का विकास ठप हुआ, वहीं लाखों की संख्या में लोग बेरोजगार हुए। उन्होंने कहा कि सरकार ने इन बेरोजगार युवाओं की कोई भी सहायता नहीं की। आज प्रदेश में गरीबी से लोग बहुत ही परेशान ओर सरकार की नीतियों से हताश है।
किमटा ने कहा कि प्रदेश में हुए चार उप चुनावों में कांग्रेस की जीत से अब साफ हो गया है कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की लहर चल पड़ी है। उन्होंने कहा कि चौपाल क्षेत्र के विकास के लिए यहां से कांग्रेस को जिताना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही देश प्रदेश की एक ऐसी पार्टी है जो लोगों की समस्याओं को दूर करने का माद्दा रखती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही इस क्षेत्र के विकास को तीव्र गति मिलेगी। सड़को सहित लोगों को घर द्वार मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो, इसका विस्तार किया जाएगा। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देवेन्द्र शर्मा, सचिव यशपाल तनाईक, चन्द्र मोहन ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र मोहन मैहता, महासचिव मदन सरेगटा, सुरेंद्र शर्मा, जगमोहन मधाईक, गीता चोहाईक, बलवीर रचाईक, महेंद्र झारटा, दीप राम शर्मा, कुलाननद शर्मा, ज्ञान ओकटा, रघु नाथ जिंटा, रीना कामटा, प्रताप ठाकुर, रामेश्वर शर्मा, सूरत सिंह झरटा, दुला राम, मोही राम, बेबी चौहान, नीरज कान्त, श्याम शर्मा, देवेन्द्र, विनोद पनाईक, संजीव पनाईक, संजय चौहान, रमेश कांटा, सुनील शर्मा, रोहित रमटा, मंगत राम शर्मा, आत्माराम दिपटा, श्याम लाल शर्मा, तुलसीराम तनाईक, प्रेम चौहान, रणु राम मनकाईक, सन्तोष ठाकुर इत्यादि सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
