रिकांगपिओ। आजादी के 75वें अमृत महोत्सव व हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व स्वर्णिम जयंती वर्ष पर आयोजित 5 दिवसीय नृत्य एवं क्राफ्ट मेले के दौरान सोमवार को तीसरे दिन जिले के महिला मण्डलों व युवक मण्डलों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही।
उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने आज के कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि 5 दिवसीय नृत्य व क्राफ्ट मेले में भाग लेने वाले सभी महिला मण्डलों को 5-5 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि किन्नौर जिला अपनी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के लिए प्रदेश व देश भर में जाना जाता है। उन्होंने किन्नौर वासियों को अपनी समृद्ध संस्कृति, त्यौहार, पहरावा व रीति-रिवाज को संरक्षित करने के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा कि किन्नौर जिला अपनी इन खूबयिों के कारण ही विश्व भर में अलग पहचान बनाए रखने में सफल हुआ है। उन्होंने युवाओं से भी अपनी समृद्ध संस्कृति का संरक्षण करने का आग्रह किया, ताकि जिले की सांस्कृतिक धरोहर को आने वाली पीढ़ियों के लिए भी संरक्षित रखा जा सके।
इस दौरान आज के कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी महिला मण्डलों, युवक मण्डलों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व डाईट की छात्राओं द्वारा कायंग नाटी भी प्रस्तुत की गई। आज के सांस्कृतिक कार्यक्रम में कल्पा उपमण्डल के महिला मण्डल कल्पा, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान रिकांगपिओ की छात्राओं द्वारा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गाए जाने वाले गीतों व नाटी की प्रस्तुति दी गई।
महिला मण्डल व युवक मण्डल ठंगी द्वारा संयुक्त रूप से कांयग नाटी व किन्नौरी नृत्य प्रस्तुत किया गया। महिला मण्डल खदरा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रिकांग पिओ द्वारा भी इस दौरान रंगा-रंग किन्नौरी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। युवक मण्डल कल्पा के सदस्यों द्वारा इस अवसर पर किन्नौरी वाद्य गान भी प्रस्तुत किया गया। उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने आज के सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी सांस्कृतिक दलों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
